Home Up शामली में ₹32 लाख की लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, ₹10 लाख नकद और अवैध असलहे बरामद
Up

शामली में ₹32 लाख की लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, ₹10 लाख नकद और अवैध असलहे बरामद

Share
Share

उत्तर प्रदेश के शामली में बीते छह दिन पहले हुई ₹32 लाख की लूट का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। हाईवे पर धागा व्यापारी के मुनीम के साथ लूट करने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस को आरोपियों के पास से ₹10 लाख की नकदी, एक वेगनार कार और अवैध असलहे बरामद हुए हैं। मुठभेड़ के दौरान घायल हुए दोनों बदमाशों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, वहीं पुलिस बाकी फरार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

दरअसल, यह पूरी वारदात करीब 6 दिन पहले की है, जब सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव बलवा के पास हाईवे पर दो गाड़ियों में सवार बदमाशों ने एक धागा व्यापारी के मुनीम अनिल और ड्राइवर सतनाम से ₹32 लाख रुपए लूट लिए थे। बताया गया कि ये रकम मेरठ से पानीपत ले जाई जा रही थी। खास बात यह रही कि बदमाशों ने खुद को GST अधिकारी बताकर और अपनी गाड़ी पर ‘भारत सरकार’ लिखा हुआ दिखाकर इस लूट को अंजाम दिया था।

इस हाई-प्रोफाइल वारदात की निगरानी DIG सहारनपुर रेंज अभिषेक कुमार द्वारा की जा रही थी, जबकि शामली के एसपी रामसेवक गौतम के निर्देशन में पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश में लगातार लगी हुई थीं।

मुठभेड़ का घटनाक्रम


पुलिस को रविवार शाम सूचना मिली कि कैराना थाना क्षेत्र के टपराना बाईपास के पास हाईवे पर संदिग्ध बदमाश खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी भारी पुलिस बल और SOG टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों बदमाशों शुभम उर्फ गौरव और मोहित, निवासी बेहड़ा चांदीनगर, बागपत को गोली मारकर घायल कर दिया। पकड़े गए बदमाश खुद को फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट बताते हैं। पूछताछ में उन्होंने लूट की वारदात को कबूल किया है। मौके से पुलिस ने लूटी हुई रकम में से ₹10 लाख नकद, वही वैगनार कार, दो तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

फिलहाल दोनों को सदर सीएचसी में भर्ती कराया गया है और पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि लूट में शामिल बाकी बदमाश अभी फरार हैं, जिनकी तलाश तेज़ कर दी गई है।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

thirteen + 19 =