मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित IIMT यूनिवर्सिटी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब छात्रों के दो गुटों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते-ही-देखते हिंसक झड़प में बदल गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि छात्र एक-दूसरे पर कुर्सियां और टेबल फेंकते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी अचानक मारपीट में बदल गई। गुस्साए छात्रों ने कैंपस में रखी कुर्सियों को हथियार बना लिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छात्र खुलेआम एक-दूसरे पर कुर्सियां चला रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद अन्य छात्र डर के कारण इधर-उधर भागते दिखाई दे रहे हैं।
घटना के दौरान विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। आरोप है कि मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी स्थिति को नियंत्रित करने में असफल रहे, जिससे झगड़ा और उग्र हो गया।
सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आया और मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है और वीडियो के आधार पर झगड़े में शामिल छात्रों की पहचान की जा रही है। प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सख्त कदम उठाने की बात कही है।
यह घटना एक बार फिर शिक्षण संस्थानों में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
Leave a comment