मेरठ। बीएसएनएल के शास्त्रीनगर दूरभाष केंद्र पर बुधवार को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 78वीं अर्धवार्षिक बैठक आयोजित की गई। मुख्य महाप्रबंधक दूरसंचार एवं नराकास के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन और कार्यालयीन कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया गया। बैठक में राजभाषा विभाग के उपनिदेशक छबिल कुमार मेहेर ने सदस्य कार्यालयों को राजभाषा कार्यान्वयन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने राजभाषा के प्रभावी अनुपालन और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। अध्यक्षीय संबोधन में अरुण कुमार सिंह ने कहा कि कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा के प्रचार-प्रसार के लिए अधिक से अधिक काम हिंदी में करना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में मेरठ नगर स्थित लगभग 42 केंद्रीय कार्यालयों, उपक्रमों एवं निगमों के अधिकारियों ने सहभागिता की।
Leave a comment