देहरादून,
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के लागू होने के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 27 जनवरी को मनाए जाने वाले यूसीसी दिवस के राज्य स्तरीय आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव शाह ने संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम), नीबूंवाला में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने संबंधित नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम का आयोजन समयबद्ध, सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी तैयारियां तय समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं।
27 जनवरी को होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
बताया गया कि यूसीसी लागू होने के एक वर्ष पूर्ण होने पर 27 जनवरी 2026 को ‘समान नागरिक संहिता दिवस’ के रूप में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसमें विधि महाविद्यालयों के छात्र, बार काउंसिल के प्रतिनिधि और स्थानीय बार एसोसिएशन के पदाधिकारी भी प्रतिभाग करेंगे।
मंच, साउंड और एलईडी की व्यवस्था के निर्देश
सीडीओ ने लोक निर्माण विभाग को मंच, सभागार, साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन और टेंटेज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कार्यक्रम के दिन जलपान, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा।
सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर भी जोर
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और वाहन पार्किंग की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह सहित विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े नोडल अधिकारी मौजूद रहे।
Leave a comment