देहरादून।
मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। प्राधिकरण क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन कर की जा रही गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एमडीडीए की टीम ने हरभजवाला पुल क्षेत्र और तुन्तोवाला रोड, मेहुवाला माफी में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया।
एमडीडीए की प्रवर्तन टीम ने देहरादून के समीप हरभजवाला पुल क्षेत्र में भू-स्वामी द्वारा लगभग आठ बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को जेसीबी के माध्यम से ध्वस्त किया। बिना स्वीकृति और लेआउट मंजूरी के विकसित की जा रही इस प्लॉटिंग को विकास प्राधिकरण के नियमों के विरुद्ध पाया गया।
इसके अलावा अरुण चौहान द्वारा तुन्तोवाला रोड, मेहुवाला माफी क्षेत्र में करीब चार से पांच बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर भी कार्रवाई की गई। संबंधित स्थल पर बिना किसी वैध अनुमति के प्लॉट काटे जा रहे थे। एमडीडीए का कहना है कि इस तरह की अवैध प्लॉटिंग न केवल शहरी नियोजन को प्रभावित करती है, बल्कि भविष्य में आम नागरिकों के लिए गंभीर समस्याएं भी पैदा करती है।
आमजन से अपील, प्लॉट खरीदने से पहले करें वैधता की जांच
प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी भूमि या प्लॉट को खरीदने से पहले संबंधित विकास प्राधिकरण से उसकी वैधता की पुष्टि अवश्य करें, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
यह कार्रवाई संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के आदेश पर की गई। मौके पर सहायक अभियंता विजय सिंह रावत, अवर अभियंता अभिजीत सिंह थलवाल, सुपरवाइजर सहित प्रवर्तन टीम मौजूद रही। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे।
एमडीडीए जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है: बंशीधर तिवारी
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्राधिकरण का उद्देश्य नियोजित और सुरक्षित शहरी विकास सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि अवैध प्लॉटिंग से शहर का स्वरूप बिगड़ता है और आम नागरिकों की मेहनत की कमाई भी खतरे में पड़ जाती है। एमडीडीए अवैध गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है और भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
नियमानुसार ही हों निर्माण कार्य: सचिव मोहन सिंह बर्निया
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण द्वारा अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्य प्राधिकरण की स्वीकृति के बाद ही किए जाने चाहिए। अवैध गतिविधियों के विरुद्ध भविष्य में भी नियमित अभियान जारी रहेगा।
Leave a comment