राष्ट्र रक्षा का लिया संकल्प, बजरंग दल ने विजयादशमी पर किया शस्त्र पूजन
मेरठ। बजरंग दल मेरठ महानगर द्वारा आज प्रांत कार्यालय पर विजयादशमी के शुभ अवसर पर हवन एवं शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व पर बजरंग दल कार्यकर्ता ने शस्त्रों का पूजन कर राष्ट्र रक्षा का संकल्प लिया। इस आयोजन पर धर्मेंद्र चौहान और पुष्पेंद्र त्यागी धर्मपत्नी के साथ यजमान रहे। इस अवसर पर प्रांत सगंठन मंत्री अरूण पाञ्चजन्य ने कहा कि शास्त्रों में कहा गया है कि शस्त्र पूजन से शक्ति का संचार होता है और यह हिंदू परंपरा का अभिन्न अंग है। विजयादशमी हमें सिखाती है कि हिंदू समाज को शस्त्र और शास्त्र दोनों से सुसज्जित रहना चाहिए। शस्त्र रक्षा के लिए और शास्त्र संस्कार के लिए है।
बजरंग दल समाज में सेवा, संस्कार, सामाजिक एकता तथा राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्यरत हैं। शस्त्र पूजन भारतीय परंपरा में शक्ति, साहस और आत्मरक्षा के दायित्व का प्रतीक है। विजयदशमी का पर्व हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक रहने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। पूरे संसार में विश्व बंधुत्व का भाव देने का सामर्थ्य और जिम्मेदारी यदि धरती पर किसी के पास है तो वह भारत ही है, लेकिन यह करते समय हमे अपनी आंतरिक और बाह्य सुरक्षा के प्रति भी सचेत रहना होगा क्योंकि आसुर शक्तियों के पास भी तकनीकी का वही स्तर है जो हमारे पास है। हर युग में धर्म और अधर्म एक दूसरे के सम्मुख खड़े हुए हैं लेकिन हर बार विजय श्री धर्म को ही प्राप्त हुई है। हमारे राष्ट्र को सभी चुनौतियों के सम्मुख विजय शाली बनाए रखें और हम सभी धर्म के मार्ग पर निरंतर बढ़ते रहें विजयादशमी पर भगवान श्री राम से यही प्रार्थना करते हैं और ऐसा करने के लिए हम साधना कर सकें इस आशीष की कामना भी करते है।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर महानगर संगठन मंत्री विनय प्रकाश, महानगर मंत्री पवन कश्यप, महानगर संयोजक हिमांशु शर्मा, अमित प्रजापति, पुनीत, रोहित, विशाल धानक, आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Leave a comment