देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में रेल अवसंरचना को नई गति मिल रही है। गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में डीआरएम मुरादाबाद विनीता श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य में पूर्ण हो चुकी और प्रगतिरत रेल परियोजनाओं के साथ ही भविष्य की आवश्यकताओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
डीआरएम ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि रुड़की–देवबंद नई रेल लाइन परियोजना (27.45 किमी) का सफलतापूर्वक कमीशनिंग कर दिया गया है। इस परियोजना के तहत बनहेड़ा खास और झबरेड़ा में नए रेलवे स्टेशनों का निर्माण किया गया है। वहीं लक्सर–हरिद्वार रेल खंड पर गति बढ़ाकर 110 किमी प्रति घंटा कर दी गई है। सहारनपुर–हरिद्वार खंड को भी 110 किमी प्रति घंटा करने का प्रस्ताव दिया गया है। इसके अलावा 130 किमी प्रति घंटा गति के लिए डीपीआर स्वीकृत हो चुकी है, जबकि दीर्घकालिक रूप से 160 किमी प्रति घंटा गति के लिए मार्गों की पहचान की गई है।
रेल सुरक्षा में सुधार, कई आरओबी-आरयूबी कार्य पूरे
डीआरएम ने बताया कि लक्सर, लंढौरा–धनौरा, रुड़की, चोड़ीआला और ऐथल सहित कई स्थानों पर आरओबी, आरयूबी और एलएचएस के कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। इससे रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा बढ़ी है और यातायात जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आई है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों का कायाकल्प
राज्य में हर्रावाला, रुड़की और कोटद्वार रेलवे स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकास कार्य प्रगति पर है। इन स्टेशनों पर नए स्टेशन भवन, एसी प्रतीक्षालय, फूड कोर्ट, दिव्यांगजन व पैदल यात्रियों के अनुकूल सुविधाएं, प्लेटफॉर्म ऊंचाई का मानकीकरण, प्लेटफॉर्म शेड, चौड़े फुट ओवर ब्रिज और आधुनिक पार्किंग व सर्कुलेटिंग एरिया विकसित किए जा रहे हैं।
इसके साथ ही हरिद्वार और देहरादून रेलवे स्टेशनों की क्षमता वृद्धि और व्यापक पुनर्विकास की योजना है, जिसमें विश्वस्तरीय यात्री सुविधाएं, आइकॉनिक टर्मिनल डिजाइन और बेहतर यातायात व्यवस्था शामिल होगी।ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना 94 प्रतिशत पूर्णडीआरएम ने बताया कि योग नगरी ऋषिकेश से कर्णप्रयाग को जोड़ने वाली 125.20 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। इस परियोजना में 12 स्टेशन, 35 पुल और 17 सुरंगें शामिल हैं, जिनमें प्रमुख सुरंगों का निर्माण कार्य लगभग 94 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
लंबित कार्यों पर समन्वय के निर्देश
मुख्यमंत्री ने इकबालपुर आरओबी, धनौरा आरओबी और लक्सर एलएचएस से जुड़े लंबित मामलों पर राज्य सरकार और रेलवे के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने हरिद्वार–देहरादून रेल खंड की क्षमता वृद्धि योजना की भी समीक्षा की। बताया गया कि हर्रावाला में 24-कोच ट्रेनों के संचालन के लिए लूप लाइन विस्तार और गति वृद्धि पर कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही वन्यजीव संरक्षण के लिए वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सहयोग से न्यूनीकरण योजना तैयार की जा रही है।
टनकपुर स्टेशन और अर्द्धकुंभ तैयारियों पर जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की प्रक्रिया तेज करने और आगामी अर्द्धकुंभ को देखते हुए रेल व यात्री सुविधाओं से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं और यात्रियों को आधुनिक व बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
Leave a comment