Home Up मेरठ: खंडहर में मिली महिला की अर्धनग्न लाश, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, मासूम बेटा लापता
Up

मेरठ: खंडहर में मिली महिला की अर्धनग्न लाश, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, मासूम बेटा लापता

Share
Share

उत्तर प्रदेश के मेरठ कैंट क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक वीभत्स वारदात सामने आई है। गांधी बाग चौराहे के पास स्थित पुराने और सुनसान पड़े एक खंडहरनुमा भवन में लगभग 40 वर्षीय महिला का अर्धनग्न शव बरामद हुआ है। सिर, चेहरा और शरीर के अन्य भागों पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। शव की हालत देखकर साफ प्रतीत होता है कि महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।

सोमवार दोपहर एक रिटायर्ड फौजी जब खंडहर के पास से गुजरा तो उसे तेज दुर्गंध महसूस हुई। भीतर झांकने पर उसे महिला का खून से लथपथ शव दिखाई दिया। तत्काल ही सेना पुलिस को सूचित किया गया। इसके बाद सदर बाजार और लालकुर्ती थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं। मृतका की अब तक पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन स्थानीय लोगों ने बताया कि वह पिछले एक साल से अपने लगभग सात वर्षीय बेटे के साथ इसी खंडहर में रह रही थी और राहगीरों से भीख मांगकर जीवन यापन करती थी।

वारदात के बाद से मासूम बच्चा भी लापता है, जिसकी तलाश में पुलिस ने आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया है। मौके से पुलिस को एक पुराना लैपटॉप बैग, जिसमें कुछ कपड़े और खाकी शर्ट रखी थी, एक गद्दा और मोबाइल फोन का डिब्बा मिला है। चूल्हे में राख मिलने से पता चलता है कि महिला यहीं पर खाना भी बनाती थी, परंतु बर्तन नहीं मिले हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि हत्यारे जरूरी सामान भी साथ ले गए।

गौर करने वाली बात यह है कि यह खंडहर गांधी बाग जैसे व्यस्त चौराहे से सटा हुआ है, जहाँ 24 घंटे वाहन चलते हैं और सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। बावजूद इसके ऐसी जघन्य वारदात होना स्थानीय पुलिस की गश्त और निगरानी पर सवाल खड़े करता है। घटनास्थल पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था न होना भी सुरक्षा में एक बड़ी चूक मानी जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल को सील कर तीन विशेष जांच टीमें गठित की हैं। महिला की पहचान और बेटे की तलाश प्राथमिकता बनी हुई है।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

fourteen + 9 =