Home Up बागपत: दरवाजे के विवाद में पथराव, दारोगा से छीना मोबाइल, महिलाओं ने की पुलिस से भिड़ंत
Up

बागपत: दरवाजे के विवाद में पथराव, दारोगा से छीना मोबाइल, महिलाओं ने की पुलिस से भिड़ंत

Share
Share

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के शबगा गांव में दरवाजा लगाने को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात पथराव और मारपीट तक पहुंच गई। एक पक्ष की महिलाओं ने न सिर्फ दूसरे परिवार पर हमला किया, बल्कि मौके पर पहुंची पुलिस से भी उलझ गईं। हद तो तब हो गई जब एक युवती ने दारोगा से मोबाइल छीन लिया। यह पूरा घटनाक्रम इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया।

पीड़िता निर्मला देवी, जो छपरौली क्षेत्र के शबगा गांव की निवासी हैं, ने बताया कि उनके पति की मृत्यु छह साल पहले हो गई थी और वे अपने दो बेटियों व एक छोटे बेटे के साथ रहती हैं। 31 मई की शाम को जब वह अपने मकान के पीछे वाली गली में दरवाजा लगवा रही थीं, तभी गली में रहने वाले एक अन्य परिवार के लोग, जिनमें महिलाएं और युवतियां भी शामिल थीं, आकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने घर में घुसकर दरवाजे की तोड़फोड़ की और पथराव किया, जिसमें निर्मला देवी और उनकी बेटी घायल हो गईं।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस से भी आरोपित पक्ष की महिलाएं भिड़ गईं। एक युवती ने दारोगा से मोबाइल फोन छीन लिया, जिसे वापस लेने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान हुए हंगामे का वीडियो किसी ने मोबाइल से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया।

निर्मला देवी ने अपनी व अपने बच्चों की जान को खतरा बताते हुए आठ महिलाओं और युवतियों समेत कुल 11 लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी देवेश कुमार शर्मा ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

eight + 11 =