Home Up नाइट ड्यूटी पर तैनात नर्स से दुष्कर्म की कोशिश, CCTV में कैद हुई वारदात
Up

नाइट ड्यूटी पर तैनात नर्स से दुष्कर्म की कोशिश, CCTV में कैद हुई वारदात

Share
Share

मेरठ, सरधना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में महिला सुरक्षा को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। अस्पताल के एक वार्ड ब्वॉय ने रविवार रात नाइट ड्यूटी पर तैनात एक महिला स्टाफ नर्स के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोपी ने नर्स को ओपीडी के कमरे में जबरन खींचने की कोशिश की, लेकिन नर्स की सूझबूझ और साहस के चलते यह प्रयास नाकाम रहा। यह पूरी घटना अस्पताल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

पूर्व में दी गई शिकायतें नजरअंदाज

पीड़िता ने बताया कि आरोपी पहले से ही उस पर अशोभनीय नजरें रखता था और कई बार अश्लील हरकतें भी कर चुका था। इसकी शिकायत उसने अस्पताल प्रबंधन और एक महिला चिकित्सक से की थी, लेकिन हर बार उसे नजरअंदाज कर दिया गया। अस्पताल प्रशासन की इसी लापरवाही ने आरोपी के हौसले को इस कदर बढ़ा दिया कि उसने नर्स को अकेला पाकर हमला करने की कोशिश की।

वीडियो वायरल, अस्पताल में दहशत का माहौल

घटना का CCTV फुटेज सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल होते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वार्ड ब्वॉय नर्स के साथ जबरदस्ती कर रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल में इलाज करा रही महिला मरीजों के परिजनों में भय व्याप्त हो गया। कई परिजनों ने अपने मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज करवा लिया।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही, पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच भी की जा रही है।

महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल

इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि स्वास्थ्य संस्थानों में काम करने वाली महिला कर्मियों की सुरक्षा को लेकर क्या वाकई पुख्ता इंतजाम हैं? जब शिकायतों के बावजूद कोई कदम न उठाया जाए, तो अपराधियों का दुस्साहस बढ़ना स्वाभाविक है।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

15 + 20 =