Home Up बागपत में डीजे संचालक की धारदार हथियार से हत्या, जंगल में मिला शव
Up

बागपत में डीजे संचालक की धारदार हथियार से हत्या, जंगल में मिला शव

Share
Share

बागपत जनपद के ट्योढ़ी गांव में सोमवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां डीजे संचालक विकास उर्फ छोटू (30) की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक का शव गांव के जंगल क्षेत्र में रजबहे की पटरी के पास पड़ा मिला। वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।

सुबह निकला, शाम को मिली लाश

पीड़ित परिवार के अनुसार, विकास सोमवार सुबह करीब 9 बजे घर से किसी कार्य के लिए निकला था। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई, तभी ग्रामीणों ने जंगल में शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने शव की शिनाख्त विकास के रूप में की।

गर्दन और कमर पर वार, फोरेंसिक टीम ने की छानबीन

पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि विकास की गर्दन और कमर पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की गई। मौके पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया, जिन्होंने सुराग जुटाने का प्रयास किया।

पिछले हत्या मामले में था आरोपी

बताया गया कि विकास वर्ष 2018 में गांव के ही युवक अंकित शर्मा की हत्या के एक मामले में आरोपी था और डेढ़ साल पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। उसका एक अन्य साथी अभी भी जेल में बंद है।

अविवाहित था, चार भाइयों में सबसे छोटा

मृतक विकास अविवाहित था और चार भाइयों में सबसे छोटा था। हत्या की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। ग्रामीणों के अनुसार विकास हाल के दिनों में फिर से डीजे का काम करने लगा था और सामान्य जीवन जी रहा था।

पुलिस बोली – हर पहलू से होगी जांच

एसएचओ बड़ौत ने बताया कि हत्या की जांच हर पहलू से की जा रही है, मृतक के पुराने आपराधिक मामलों को भी ध्यान में रखा जा रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

17 − 11 =