सरकारी जमीन पर दर्जनों कब्जों को किया जमीदोज, इलाके में मचा हड़कंप, अवैध कब्जों पर गरजा नगर निगम का बुलडोजर
मेरठ। शहर के चौधरी चरणसिंह विश्वविद्यालय मार्ग पर आज सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों व निर्माणों पर नगर निगम का बुलडोजर गरजा। निगम के अफसरों ने प्रवर्तन दल के सहयोग से दर्जनों अवैध कब्जों को जमीदोज कर दिया। जहां जहां भी अवैध कब्जों को हटाने के लिए निगम का बुलडोजर गरजा उन सभी इलाकों में अफरा-तफरी मची रही। इस दौरान लोगों ने विरोध भी खूब किया, लेकिन निगम के प्रवर्तन दल के सामने इनकी एक ना चली और किसी भी बात की परवाह ना करते हुए निगम की ध्वस्तीकरण की टीम ने तमाम अवैध कब्जों को ध्वस्त कर सरकारी जमीन को मुक्त कर लिया। नगरायुक्त सौरभ गंगवार ने बताया कि इस प्रकार के अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
सरकारी जमीन पर प्राइवेट पार्किंग
चौधरी चरणसिंह विश्वविद्यालय मार्ग पर कुछ तत्वों ने सरकारी जमीन यानि सड़क से सटे रास्ते पर अवैध कब्जा कर वहां प्राइवेट पार्किंग संचालित की हुई थी। नियमानुसार महानगर में जितने भी वाहन पार्किंग चल रहे हैं उनका ठेका नगर निगम के द्वारा छोड़ा जाता है। इसकी एक तयशुदा प्रक्रिया है। जिनको ठेके दिए जाते हैं केवल वहीं निर्धारित स्थल पर वाहन पर्किंग संचालित कर सकते हैं। निगम द्वारा छोड़ी जानी वाले पार्किंग ठेकों के अतिरिक्ति पूरे महानगर के जितने भी स्थानों पर वाहन पार्किंग चल रही हैं वो सभी पूरी तरह से अवैध हैं। चौधरी चरणसिंह विश्वविद्यालय मार्ग पर अवैध वाहन पार्किंग संचालित किए जाने की शिकायत क्षेत्र के लोगों द्वारा की गयी थीं, जिसके बाद नगरायुक्त सौरभ गंगवार के निर्देश पर निगम का दस्ता प्रवर्तन दल मौके पर पहुंचे और वहां पर कार्रवाई की। यह कार्रवाई मिमहेंस हॉस्पिट के सामने और सीसीएसयू के सामने उज्जीवन के ऑफिस के सामने भी की गयी। इसके अलावा भी इस रोड पर तमाम लोगों ने आम रास्ते पर कब्जे कर वहां निर्माण कर लिए थे। प्रचार सामग्री स्थायी रूप से फिट कर दी थी, निगम के दस्ते ने इन सभी को ध्वस्त कर दिया। साथ ही लोगों को चेतावनी भी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की कोई हिमाकत की गयी तो आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई व जुर्माना वसूली भी की जाएगी।
ये रहे मौजूद
इस कार्रवाई में राजस्व निरीक्षक राजीव चौधरी, लेखपाल राजकुमार व रूद्रेश, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल संजीव तोमर सेना मेडल व टीम तथा ध्वस्तीकरण दस्ता भी शामिल रहा।
Leave a comment