Home Up हरदोई: सीएनजी को लेकर विवाद में महिला ने पेट्रोल पंप कर्मचारी पर तानी पिस्टल, पिता-पुत्री गिरफ्तार
Up

हरदोई: सीएनजी को लेकर विवाद में महिला ने पेट्रोल पंप कर्मचारी पर तानी पिस्टल, पिता-पुत्री गिरफ्तार

Share
Share
हरदोई: मामूली विवाद पर महिला ने पेट्रोल पंप कर्मचारी के ऊपर तानी रिवॉल्वर,  कहा - इतनी गोली मारूंगी... | Hardoi: Woman points revolver at petrol pump  employee over minor dispute

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने मामूली विवाद के चलते पेट्रोल पंप कर्मचारी के सीने पर पिस्टल तान दी। आरोपी महिला की पहचान अरीबा खां के रूप में हुई है, जो शाहबाद इलाके की रहने वाली है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया है।

घटना रविवार शाम करीब 6 बजे बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के सांडी रोड स्थित हाईवे फ्यूल सेंटर की है। अरीबा खां अपने पिता एहसान खान और मां हुस्नबानो के साथ कार से सीएनजी भरवाने पहुंची थीं। सुरक्षा नियमों के अनुसार पेट्रोल पंप कर्मचारी रजनीश कुमार ने कार सवारों से नीचे उतरने को कहा, ताकि सीएनजी भरने के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। लेकिन परिवार ने कर्मचारी की बात मानने से इनकार कर दिया और बहस शुरू हो गई।

विवाद बढ़ता देख अरीबा खां कार में गई और वहां से पिस्टल निकाल लाई। उसने सीधे पेट्रोल पंप कर्मचारी के सीने पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अरीबा ने कहा कि वह इतनी गोलियां मारेगी कि पहचानना मुश्किल हो जाएगा। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी अरीबा खां और उसके पिता एहसान खान को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी जब्त कर ली है। सेल्समैन की तहरीर पर तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

seventeen − six =