आगरा। गणपति क्लासिक रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के चुनाव परिणाम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जब मुद्दे विकास, पारदर्शिता और बेहतर प्रबंधन के हों, तो निवासी पूरी जागरूकता के साथ सही निर्णय लेते हैं। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत घोषित परिणामों में निर्विरोध चुने गए पैनल ने अपनी जीत सोसाइटी के सभी निवासियों को समर्पित की।
12 अप्रैल 2026 को ही चुनावी तस्वीर साफ हो गई थी, जब पांचों पदों पर एक ही पैनल निर्विरोध घोषित हो गया। कुल 10 नामांकन पत्र वितरित हुए थे, लेकिन एक प्रत्याशी द्वारा नामांकन जमा न करने और अन्य चार के नाम वापस लेने से मतदान की आवश्यकता ही नहीं रही। नियमानुसार, आज परिणामों की औपचारिक घोषणा की गई।
चुनाव प्रक्रिया उपनिबंधक, फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स, आगरा द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक की निगरानी में पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई। परिणाम घोषित होते ही सोसाइटी में उत्साह का माहौल बन गया, ढोल-नगाड़ों के साथ निवासियों ने अपनी खुशी जाहिर की।
संचालनकर्ता वरिष्ठ अधिवक्ता धीरज माहेश्वरी ने बताया कि इस चुनाव में निवासियों की सक्रिय भागीदारी और समर्थन यह दर्शाता है कि लोग अपनी कॉलोनी के विकास, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर सजग हैं। चुनाव के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, पार्कों का रखरखाव, बिजली-पानी की व्यवस्था, प्रशासन से समन्वय और आर्थिक पारदर्शिता जैसे मुद्दे केंद्र में रहे।
Leave a comment