
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां किराये के विवाद के चलते उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात सिपाही ने एक महिला को मकान की छत से फेंक दिया। घटना माडल टाउन गेट, आंबेडकर रोड स्थित एक मकान की है, जहां पिछले एक वर्ष से मकान मालिक और किरायेदार के बीच किराये को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी सिपाही की पहचान सचिन के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद की डायल-112 यूनिट में तैनात है और इन दिनों पांच दिन की छुट्टी पर घर आया हुआ था।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब दस बजे सचिन अपने दो साथियों के साथ नशे की हालत में किरायेदार तिलकराज के घर पहुंचा। तिलकराज उस समय काम से बाहर गया हुआ था। घर पर उसकी पत्नी सोनिया और बच्चे मौजूद थे। कहासुनी के बाद सचिन ने कथित रूप से अपनी साथियों की मदद से सोनिया को छत से नीचे फेंक दिया और उसके बेटे हर्ष के सिर पर ईंट से हमला कर घायल कर दिया।
घटना के बाद से आरोपी सिपाही फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने मार्शल पिच के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। घटना में शामिल अन्य दोनों आरोपियों की तलाश जारी है। घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।
Leave a comment