कमिश्नरी से चलकर चंद कदम भी आगे नहीं बढ़ पाए हंगामा कर रहे कार्यकर्ता, नगरायुक्त कार्यालय के सामने ही पुलिस ने दिया रोक
मेरठ। समाजवादी पार्टी के तीन-तीन विधायक अतुल प्रधान, शाहिद मंजूर और रफीक अंसारी और इनके अलावा महानगर व जिला सपा के कार्यकर्ताओं का पूरा अमला। उसके बावजूद कलेक्ट्रेट में डीएम कार्यालय पर जाकर ज्ञापन देने के लिए कमिश्नरी से निकले सपाई बामुश्किल सौ कदम भी आगे नहीं बढ़ सके। कमिश्नरी पार्क से नगरायुक्त के कैंप कार्यालय की दूरी मुश्किल से सौ कदम होगी। पुलिस वालों ने उससे आगे इन्हें नहीं बढ़ने दिया। सपाई जैसे ही कमिश्नरी पार्क से बाहर निकले, पुलिस के साथ खींचतान शुरू हो गयी। हल्की धक्का मुक्की भी हुई हालांकि यह सब फ्रेंडली नजर आया। कलेक्ट्रेट पर बड़े हंगामे और प्रदर्शन की आशंका जतायी जा रही थी, ऐसा इसलिए क्योंकि कार्यकर्ता के साथ अतुल प्रधान, शाहिद मंजूर और रफीक अंसारी सरीखे तीनों विधायक पहुंचे थे, लेकिन जैसी आशंका जतायी जा रही थी, वैसा कुछ भी नहीं हुआ और आस्तीन चढ़ाए कमिश्नरी पर नजर आ रहे सपा के तमाम नेता पुलिस के सामने बैकफुट पर नजर आए।
“बुलडोजर भगाओ, मेरठ बचाओ
शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट और माधवपुरम समेत शहर के दूसरे इलाकों में लाखों लोगों को बेघर होने से बचाने ( मकान-दुकान टूटने के खतरे और बुलडोजर कार्रवाई के विरोध) की मांग को लेकर कमिश्नरी पर प्रदर्शन किया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश/कार्रवाई के बाद लोगों के मकान और दुकानें टूटने तथा लाखों लोगों के बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है, जिसके विरोध में सपा ने “बुलडोजर भगाओ, मेरठ बचाओ” के नारे लगाए। सपाइयों ने डीएम कार्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें कमिश्नरी चौराहे पर ही रोक लिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। सपाइयों को सेंट्रल मार्केट शास्त्रीनगर प्रकरण को लेकर डीएम को ज्ञापन देने के लिए कलेक्ट्रेट तक पहुंचना था, लेकिन पुलिस वालों के आगे उनकी एक ना चली। चंद मिनटों के हंगामे के दौरान ही वहां एसीएम पहुंच गए और ज्ञापन ले लिया। एसीएम के ज्ञापन लेने के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते दिखानी शुरू कर दी, जिसके बाद सपाइयों ने कमिश्नरी से निकलने में देर नहीं लगायी। प्रदर्शनकारियों में विधायक अतुल प्रधान, शाहिद मंजूर, रफीक अंसारी, संगठन के जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह, गूमी महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी के अलावा कई युवा नेता व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
भाजपाई कर रहे डेमेज कंट्रोल
भारतीय जनता पार्टी के तमाम बड़े नेता सेंट्रल मार्केट शास्त्रीनगर मसले को लेकर व्यापारियों की नाराजी से हुए डेमेज को कंट्रोल करने में जुट गए है। इसी के लिए सांसद अरुण गोविल, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभारी डा. सोमेन्द्र तोमर और महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तौगी दूसरे कार्यकर्ताओं को लेकर सर्वे करने के नाम पर शास्त्रीनगर कम्युनिटी सेंटर के पास प्रस्तावित स्थान को देखने को पहुंचे। उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले सर्किट हाउस में मीडिया के समक्ष इन नेताओं ने कहा था कि सेंट्रल मार्केट में दुकानों के ध्वस्तीकरण के बाद प्रभावित व्यापारियों को राहत देने के लिए अब उन्हें कम किराए पर दुकानें उपलब्ध कराने की योजना पर काम शुरू किया गया है। इन व्यापारियों को लीज के आधार पर दुकानें उपलब्ध कराने के लिए स्थान की तलाश की जा रही है। डा. साेमेन्द्र तोमर ने बताया कि जिनकी दुकानें गिरा दी गयी हैं उन्हें सस्ती लीज पर दुकानें दिलायी जाएंगी।
Leave a comment