मवाना के बसंत वैली पब्लिक कक्षा 7 में पढ़ता था 13 साल का कुणाल शर्मा, मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बतायी गयी
मेरठ। मवाना के बसंत वैली पब्लिक के कक्षा सात के 13 साल के छात्र कुणाल शर्मा की संदिग्ध हालात में मौत् हो गयी। उसकी डेड बॉडी स्कूल के टॉयलेट में मिली है। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गयी, लेकिन परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराए जाने से इंकार कर दिया।स्कूल संचालकों ने सफाई दी है कि बच्चा टॉयलेट गया था उसने कुंडी भीतर से बंद की थी। मवाना क्षेत्र में मोहल्ला काबिली गेट, कलावदा रोड निवासी धर्मेंद्र शर्मा का बेटा था। वह तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसकी बड़ी बहन साक्षी, जबकि छोटा भाई संचित शर्मा है। कुनाल ई-रिक्शा से स्कूल आता-जाता था। दोपहर छुट्टी होने के बाद ई-रिक्शा ड्राइवर स्कूल के बाहर बच्चों का इंतजार कर रहा था। बाकी बच्चे बाहर आकर रिक्शा में बैठ गए, लेकिन कुनाल नहीं आया। देर तक इंतजार करने के बाद चालक खुद स्कूल के अंदर गया। उसने पहले कुनाल को क्लासरूम में तलाशा, लेकिन वहां वह नहीं मिला। एक बच्चे ने बताया कि कुनाल वॉशरूम गया था। इसके बाद चालक वॉशरूम की तरफ पहुंचा। स्कूल स्टाफ के साथ तलाश शुरू की गई। जब बच्चा क्लास में नहीं मिला तो सभी बाथरूम की तरफ गए। वहां छात्र पड़ा मिला।
फर्श पर पड़ी थी डेड बॉडी
बसंत वैली स्कूल जहां कुणाल पढ़ता था उसके वॉशरूम का दरवाजा अंदर से बंद था। ड्राइवर ने दरवाजा खटखटाने के साथ कुनाल को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसी दौरान स्कूल का स्टाफ भी वहां पहुंच गया। काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो स्टाफ छत के रास्ते ऊपर पहुंचा। ऊपर से अंदर देखा गया तो कुनाल जमीन पर पड़ा था। इसके बाद अंदर से दरवाजा खोलकर उसे बाहर निकाला गया। वह बेहोश था और उसकी सांसें नहीं चल रही थीं। स्कूल स्टाफ ने तुरंत उसके परिजनों को सूचना दी। यह बुरी खबर मिलते ही पिता धर्मेंद्र स्कूल की ओर दौड़े। बच्चे को मवाना में ही दो अलग-अलग निजी डॉक्टरों के पास लेकर गए। दोनों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार के लोग कुनाल को लेकर मेरठ के सुशीला जसवंत राय अस्पताल पहुंचा। वहां भी डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत बताया। डॉक्टरों ने अचानक हार्टअटैक आने को मौत की वजह बताया। कुनाल की मां अनीता और पिता धर्मेंद्र का कहना है कि उनके बेटे को पहले कभी दिल से जुड़ी कोई परेशानी नहीं हुई थी। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अचानक ऐसा क्या हुआ।
पोस्टमार्टम को ना
कुनाल की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस भी घर पहुंची। हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने और किसी भी तरह की पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसके बाद परिवार बच्चे के शव को लेकर घर लौट गया। बसंत वैली स्कूल के प्रबंधक अमित राणा ने बताया- आज हमारे स्कूल में कक्षा 7वीं में पढ़ने वाला कुणाल शर्मा छुट्टी से जस्ट पहले वाशरूम गया था। थोड़ी देर बाद जब हमने उसको आवाज दी तो उसने अंदर से कुंडी लगाई थी। लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। हमने अंदर से उसे खुलवाया। बच्चे को तुरंत डॉ. एमडी शर्मा और डॉ. अनिल खन्ना के पास ले गए। उन लोगों ने हार्ट फेल होने की बात कही। हमने पैरेंट्स को भी इन्फॉर्म कर दिया था।
Leave a comment