मेरठ। सुप्रीमकोर्ट के आदेश पर सेंट्रल मार्केट में सील की गयी 44 दुकानों को राहत के लिए तमाम जतन के बाद भी मुसीबत जस की तस है। वहीें दूसरी ओर नेताओं ने भी अब इस मामले से किनारा कर लिए है। इसका नतीजा यह हुआ कि धरना स्थल पर नेताओं की आमद अब नहीं रही है। और तो और भाजपा के नेताओं तथा जन प्रतिनिधियिों ने भी सेंट्रल मार्केट के 44 व्यापारियों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। भाजपा नेताओं का तो यह हाल है कि सेंट्रल मार्केट के सवाल पर अब काटने को दौड़ते हैं, लेकिन आज इतना जरूर हुआ है कि व्यापारियों को लेकर संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष डीएम से मिलने पहुंचे और उन्हें सीएम को संबोधित छह सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इस बीच नाटकीय घटनाक्रम में सचिन सिरोही की गिरफ्तारी हुई है। सचिन सिरोही कई दिन से एलान कर रहे थे कि वो केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने जाएंगे। हालांकि इसकी तारीख कई बार बढ़ाई गयी। फाइनली आज वह ऊंगलियों पर गिनने लायक लोगों को लेकर अमित शाह से मिलने के लिए पैदल यात्रा पर रवाना हुए, लेकिन उनकी पैदल यात्रा शुरू होने से पहले ही पुलिस ने खत्म करा दी। उन्हें और उनके साथियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। उन्हें बाद में सिटी मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया गया।
वहीं दूसरी ओर सेंट्रल मार्केट के जिन 44 व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर आवास विकास परिषद के अधिकारियों ने सील लगा दी है, उन्होंने बताया कि तमाम जतन कर चुके हैं, कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा है। उन पर आयी मुसीबत अभी बरकरार है। इस मामले में अगली सुनवाई १४ जुलाई को होनी है। सेंट्रल मार्केट के मामले में तमाम बातें की जा रही हैं, लेकिन जिन अधिकारियों के खिलाफ खुद आवास विकास परिषद ने मुकदमा दर्ज कराया है, उनकी गिरफ्तारी पर बात नहीं की जा रही है। यहां तक कि आवास विकास परिषद और पुलिसऔर प्रशासन के अधिकारी भी नामजद कराए गए अधिकारियों पर कार्रवाई पर चुप्पी साधे हैं। वहीं दूसरी ओर राहत की उम्मीद में सेंट्रल मार्केट के व्यापारी आज भी सड़क पर बैठै हैं।
Leave a comment