Home शामली जलेबी के पैसे मांगना पड़ा भारी, दुकानदार से मारपीट
शामली

जलेबी के पैसे मांगना पड़ा भारी, दुकानदार से मारपीट

Share
Share

जातिसूचक शब्दों का आरोप;

कांधला क्षेत्र के कस्बा एलम में एक मामूली लेन-देन का विवाद तूल पकड़ गया। जलेबी के पैसे मांगने पर कुछ युवकों द्वारा दुकानदार के साथ मारपीट और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का मामला सामने आया है। घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने बुधवार को बाजार बंद कर दिया और पुलिस चौकी का घेराव करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
नगर पंचायत एलम निवासी आशीष पुत्र सुरेंद्र की कस्बे के मुख्य बाजार में मिठाई की दुकान है। मंगलवार देर शाम करीब आठ बजे तीन युवक उसकी दुकान पर पहुंचे और करीब डेढ़ किलो जलेबी खरीदी। आरोप है कि जब दुकानदार ने उनसे पैसे मांगे तो युवक भड़क उठे और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए बिना भुगतान किए वहां से चले गए।

पीड़ित दुकानदार का आरोप है कि कुछ ही देर बाद उक्त युवक अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा दुकान पर पहुंचे और आते ही गाली-गलौच शुरू कर दी। आरोपियों ने न केवल जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया, बल्कि दुकानदार आशीष के साथ मारपीट भी की। शोर-शराबा सुनकर दुकान पर मौजूद कर्मचारी शुभम, अश्वनी और संदीप ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी, जिससे वे भी घायल हो गए।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पीड़ित पक्ष ने घटना की सूचना पुलिस को दी। वहीं, बुधवार सुबह जैसे ही घटना की जानकारी व्यापारियों को मिली, उनमें भारी आक्रोश फैल गया। व्यापार मंडल के आह्वान पर व्यापारियों ने एलम का पूरा बाजार बंद करा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इसके बाद बड़ी संख्या में व्यापारी एलम पुलिस चौकी पहुंचे और वहां घेराव कर जोरदार नारेबाजी की। व्यापारियों का कहना था कि यदि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त कर दिया।
पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

5 × 2 =

Recent Comments

No comments to show.