Home Up तकनीकी खराबी के चलते अपाचे हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, सहारनपुर में हड़कंप
Up

तकनीकी खराबी के चलते अपाचे हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, सहारनपुर में हड़कंप

Share
Share

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में मंगलवार सुबह भारतीय वायुसेना के अत्याधुनिक अपाचे AH-64E हेलीकॉप्टर ने तकनीकी खराबी के चलते आपात लैंडिंग की। यह घटना चिलकाना थाना क्षेत्र के जोधेबांस गांव के पास यमुना नदी के किनारे हुई, जब हेलीकॉप्टर नियमित अभ्यास मिशन पर सरसावा एयरफोर्स स्टेशन से उड़ान भरकर निकला था। उड़ान के कुछ ही समय बाद सुबह करीब 8:45 बजे कंट्रोल सिस्टम में चेतावनी संकेत मिलने पर पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए पास के एक खुले खेत में सुरक्षित लैंडिंग कर दी। वायुसेना ने इसे “प्रीकॉशनरी लैंडिंग” बताया है।

हेलीकॉप्टर की लैंडिंग होते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पुलिस और सेना के अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। भारतीय वायुसेना की तकनीकी टीम ने हेलीकॉप्टर की जांच शुरू कर दी है।

अपाचे AH-64E हेलीकॉप्टर दुनिया के सबसे घातक अटैक हेलीकॉप्टरों में से एक है, जिसे हवा से हवा और जमीन पर मार करने वाली मिसाइलों से लैस किया गया है। भारत ने 2015 में अमेरिका से ऐसे 22 हेलीकॉप्टरों की खरीद के लिए लगभग 13,951 करोड़ रुपये का सौदा किया था। ये हेलीकॉप्टर पुराने रूसी Mi-35 को रिप्लेस कर रहे हैं और पठानकोट व जोरहाट जैसे संवेदनशील ठिकानों पर तैनात किए गए हैं।

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब किसी अपाचे को तकनीकी कारणों से इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी हो। इससे पहले 2020 में पंजाब के होशियारपुर, 2023 में मध्यप्रदेश के भिंड और 2024 में लद्दाख में भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, हालांकि सभी मामलों में पायलट सुरक्षित रहे।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

twelve + 6 =