Home Up ससुराल में आई खुशी मातम में बदली, जिम में कार्डियक अरेस्ट से हुई दामाद की मौत
Up

ससुराल में आई खुशी मातम में बदली, जिम में कार्डियक अरेस्ट से हुई दामाद की मौत

Share
Share

बेंगलुरु में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर आजम की ससुराल में जिम करते समय अचानक कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई। आजम करीब 40 दिन पहले शादी के बंधन में बंधे थे और पहली बार ससुराल आए थे। उनकी पत्नी शमा के हाथों की मेहंदी तक नहीं उतरी थी कि कुदरत ने उनका सुहाग छीन लिया। मंगलवार को कैराना के मोहल्ला छड़ियान पहुंचे आजम को उनके साले अजीम भूरा रात में तीतरवाड़ा चुंगी स्थित जिम ले गए थे। जिम में ड्रेस बदलते समय वे अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति में दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। दूसरे अस्पताल में पहुंचते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टरों ने मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया।

आजम जनपद बागपत के कोताना गांव के रहने वाले थे और पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। वे कई वर्षों से बेंगलुरु स्थित एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। उनकी असामयिक मौत से जहां ससुराल पक्ष शोक में डूब गया, वहीं उनके पैतृक गांव कोताना से पहुंचे परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ ले गए।

इसी तरह कैराना के गांव रामड़ा में भी एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 25 वर्षीय नवप्रसूता कोमल की अचानक हार्ट फेलियर से मौत हो गई। ग्राम प्रधान रमेश चंद ने बताया कि कोमल एक माह पूर्व ही माँ बनी थी और आराम के दौरान सीने में तेज दर्द के बाद बेहोश हो गई। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित करते हुए हार्ट फेलियर को कारण बताया।

कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. उत्सव गुप्ता के अनुसार, युवाओं में कार्डियक अरेस्ट के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। यदि किसी को सीढ़ियाँ चढ़ते समय सांस फूलना, सीने में जकड़न, या बिना कारण खांसी हो, तो तुरंत ECG, चेस्ट एक्सरे और इको जैसी जांच करानी चाहिए। साथ ही धूम्रपान, नशा और फास्ट फूड से दूरी बनाए रखना जरूरी है ताकि समय रहते हृदय रोगों से बचा जा सके।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

13 + 16 =