Home Up चायवाले से दरोगा की बर्बरता: मारपीट के दौरान गर्म दूध गिरा, विक्रेता गंभीर रूप से झुलसा
Up

चायवाले से दरोगा की बर्बरता: मारपीट के दौरान गर्म दूध गिरा, विक्रेता गंभीर रूप से झुलसा

Share
Share

मेरठ (केसरगंज): रेलवे रोड थाना क्षेत्र के मकबरा डिग्गी में एक चाय विक्रेता से चौकी इंचार्ज द्वारा मारपीट और जबरन खींचकर ले जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में खींचतान के दौरान गर्म दूध गिरने से विक्रेता बुरी तरह झुलस गया। परिजनों ने चौकी प्रभारी पर पुरानी खुन्नस निकालने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित युवक शाहिद, जो मकबरा डिग्गी में चाय की दुकान चलाता है, को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके शरीर पर गर्म दूध गिरने से बड़े-बड़े फफोले पड़ गए हैं। परिजनों का आरोप है कि केसरगंज चौकी प्रभारी नेपाल सिंह पहले भी शाहिद को फर्जी सट्टेबाजी केस में फंसा चुके हैं, जिसकी शिकायत अधिकारियों से की गई थी। इसी खुन्नस में चौकी प्रभारी ने गुरुवार रात शाहिद की दुकान पर पहुंचकर मारपीट की और जबरन खींचने लगे। इस दौरान काउंटर पर रखा गर्म दूध शाहिद के ऊपर गिर गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया।

शाहिद की चीख-पुकार सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन चौकी प्रभारी मौके से फरार हो गए। परिजन घायल को तत्काल अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और आरोपित दारोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

घटना की जानकारी पर सीओ कैंट संतोष कुमार अस्पताल पहुंचे और पीड़ित शाहिद व परिजनों से बातचीत कर उन्हें निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने भी कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

19 − eighteen =