मेरठ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की पीईटी परीक्षा (PET-2026) के पहले दिन जहां प्रशासन सुरक्षा और सख्ती को लेकर मुस्तैद दिखा, वहीं दूसरी ओर दूर-दराज से आए हजारों परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और उन्हें तलाशने में भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ा। रेलवे स्टेशनों से लेकर बस अड्डों और मुख्य चौराहों पर सुबह से ही अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। रविवार सुबह जैसे ही पहली पाली (शिफ्ट) का समय नजदीक आया सिटी रेलवे स्टेशन व भैंसाली बस स्टैंड और सोहराब गेट बस स्टैंड पर भारी भीड़ नजर आयी। अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) भानु भास्कर ने पुलिस अधिकारियों के साथ मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन और बस अड्डों का निरीक्षण किया। बाहरी जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए इस बार QR Code प्रणाली शुरू की गई है। यह परीक्षा तीन मुख्य तिथियों—25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को आयोजित की जा रही है।
सख्ती के नाम पर जिस्म से उतरवाया सामान
मेरठ में 48 सेंटरों पर यह परीक्षा आयोजित की जा रही है। तमाम ऐसे सेंटर रहे जहां सख्ती के नाम पर जूते मौजे तक उतरवा लिए गए। बैल्ट उतरवा ली गयी। परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन ने इस बार सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। इन सेंटरों पर प्रतिदिन लगभग 22,000 अभ्यर्थी दो पालियों (शिफ्टों) में परीक्षा दे रहे हैं। नकल रोकने के लिए इस बार तकनीकि जानकारियों का भी भरपुर प्रयोग किया जा रहा है। सेंटरों के हर कमरे में सीसीटीवी कैमरों (CCTV) के जरिए लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके साथ ही कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। सेंटरों पर केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा घेरे को अभेद्य बनाने के लिए आइरिस स्कैन (Iris Scan) और बायोमेट्रिक हाजिरी अनिवार्य की गई है, ताकि कोई भी फर्जी छात्र परीक्षा न दे सके। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, ब्लूटूथ डिवाइस या पर्चियों को रोकने के लिए केंद्रों के मुख्य गेट पर पुलिस और सुरक्षाकर्मियों द्वारा अभ्यर्थियों की गहन तलाशी ली गई।
पुलिस के आला अफसरों ने की जांच
एसपी सिटी विनायक भोसले ने खुद मेरठ कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी), सेंट थॉमस, खालसा इंटर कॉलेज और आरजी पीजी कॉलेज जैसे बड़े सेंटरों पर पहुंचकर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अफसरों की सख्ती की वजह से हले दिन की पीईटी परीक्षा पूरी तरह से शांतिपूर्ण, सकुशल और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई है। प्रशासन के कड़े रुख और सख्त चेकिंग के कारण कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना, पेपर लीक की अफवाह, या परीक्षा में व्यवधान की कोई खबर सामने नहीं आई है।
Leave a comment