Home मेरठ विकसित भारत में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण
मेरठ

विकसित भारत में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण

विकसित भारत में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण

Share
विकसित भारत में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण
Share

मेरठ कभी आपराधिक गतिविधियों के एक केंद्र के रूप में जाना जाता था, आज डबल इंजन की सरकार में क्रिकेट बैट और हॉकी स्टिक के निर्माण के लिए जाना जा रहा है।

मेरठ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया और युवाओं से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 के विकसित भारत के संकल्प से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रदेेश भाजपा अध्यक्ष व केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने युवाओं से संवाद करते हुए विकसित भारत निर्माण के लिए युवा शक्ति का आह्वान किया। नितिन नवीन ने लक्ष्य, संकल्प अध्ययन, अनुभव और धैर्य को सफलता का आधार बताते हुए नशा मुक्ति, राष्ट्रप्रेम, योग, मेडिटेशन और पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया। इस दौरान नितिन नवीन ने विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए और कहा कि देश के भविष्य का निर्माण करने वाली सबसे शक्तिशाली ताकत युवा है। श्री नितिन नवीन ने कहा कि युवाओं में अपार ऊर्जा, प्रतिभा और विचार-क्षमता है। यदि इस शक्ति को सहीं दिशा दी जाए, तो युवा देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं। नवीन ने कहा कि देश प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए चल पड़ा है। आजादी के बाद देश को अक्सर क्षेत्रीय या व्यक्तिगत नजरिए से देखा गया, लेकिन अब सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ 140 करोड़ देशवासियों को एकजुट होकर आगे बढ़ना है। भारत आज दुनिया में सबसे अधिक युवा आबादी वाला देश है, इसलिए युवाओं का दायित्व सबसे बड़ा है। आज की पीढ़ी को जीवन में शॉर्टकट से बचने की आवश्यकता है। आज का युवा भले ही रील्स देखता है, लेकिन उसे पसंद वहीं आता है जो रियल पानी यथार्थ होता है। बनावटी चीजों की पहुंच सीमित होती है. इसलिए जीवन में लक्ष्य तप करके और एक संकल्प के साथ सही रोडमैप बनाकर आगे बढ़ना चाहिए। छात्र चाहे डॉक्टर बनें, इंजीनियर बनें या उद्यमी, उनका अंतिम लक्ष्य केवल स्वयं या परिवार का विकास नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण होना चाहिए। हमारा मानना है कि कोई भी काम छोटा नहीं होता। बड़े मन से किया गया छोटा काम भी बड़ा हो जाता है और छोटे मन से किया गया बड़ा काम भी छोटा रह जाता है।

नशे की प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त की

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने समाज में फैल रहीं नशे की प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त की और यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा 15 अगस्त को शुरू किए गए नशा मुक्ति अभियान से जुड़ने का आग्रह किया। हमारा सुझाव है कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम और समर्पण की भावना को गहराई तक उत्तारने के लिए उत्तर प्रदेश में भी बॉर्डर दर्शन कार्यक्रम शुरू किया जाना चाहिए। जब युवा सीमा पर जाकर खुले आसमान के नीचे देश की रक्षा कर रहे सैनिकों को देखते हैं, तो उनके भीतर भी देश के प्रति असीम समर्पण का भाव जागृत होता है, जो उन्हें जीवन में कभी भटकने नहीं देता। लीडरशिप केवल राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि हर क्षेत्र में इसकी आवश्यकता होती है। जिस तरह क्रिकेट में एक बल्लेबाज को अच्छी बेटिंग करने के लिए पहले पिच पर जमना पड़ता है, उसी तरह युवाओं को अपने क्षेत्र की जड़ों तक जाना चाहिए। लीडरशिप के तीन मुख्य स्तंभ हैं, अध्ययन, अनुभव और धैर्य। इन्हें जीवन में उतारने से किसी भी क्षेत्र में नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उसी प्रकार 100 मीटर की दौड़ में इंसान की गति की परख होती है, लेकिन लंबी दौड़ में स्टैमिना यानी धैर्य और सहनशक्ति का परीक्षण होता है। जीवन एक लंबी दौड़ है। यदि युवा अपनी सहनशक्ति और निरंतरता बनाए रखेंगे, तो वे लंबी दूरी तय करके अपनी मंजिल तक अवश्य पहुंचेंगे। श्री नवीन ने 2013 के इंडो-यूएस कल्चर एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत अपनी अमेरिका यात्रा का संस्मरण साझा करते हुए बताया कि वहां वह 48 घंटे एक अमेरिकी परिवार के साथ रहे। उस परिवार ने भारतीय संयुक्त परिवार व्यवस्था की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए दुख जताया था कि अमेरिका में बच्चे अलग हो जाते हैं और त्योहारों पर भी परिवार साथ नहीं जुड़ता। लेकिन हमारे देश का युवा अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़ा रहता है और हमारे युवाओं को ऐसे ही रहना है। हम सभी युवाओं से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा वैश्विक स्तर पर स्थापित किए गए योग और मेडिटेशन को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान करते हैं, ताकि युवा एकाग्रता और समर्पण के साथ काम कर सकें। इस समय बिहार बाढ़ की समस्या से जूझ रहा है। बिहार में बाढ़ का मुख्य कारण नेपाल की तराई से आने वाला पानी है। पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के नदियों की जोड़ने के विजन दिया था। जिसे अब आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी आगे बढ़ा रहे हैं। कोसी क्षेत्र में 20 हजार करोड़ रुपये की योजना से नेपाल की तराई में नदियों को जोड़ने का काम शुरू हो चुका है, जिससे इस विभीषिका से निजात मिलेगी। हिमालयी क्षेत्रों में ग्लोबल वार्मिंग के कारण कई आपदाएं उत्पन्न होती हैं। इससे बचने के लिए हम युवाओं से एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुड़कर पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आग्रह करते हैं।

10-12 वर्षों में देश में बड़े बदलाव हुए

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में देश में बड़े बदलाव हुए हैं। 10 साल पहले देश में मात्र 60 हजार मेडिकल सीटें थीं, जो आज 1.5 लाख से अधिक हो गई है। देश में विश्वविद्यालयों की संख्या 400 से बढ़कर 1100 के पार जा चुकी है। कभी हर तकनीक के लिए आयात पर निर्भर रहने वाला भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश है। रक्षा क्षेत्र में भारत आज ब्रह्मोस और मेक इन इंडिया के तहत 38 हजार करोड रुपये से अधिक के रक्षा उपकरणों का निर्यात कर रहा है। कोरोना काल में भारत ने विदेशी टीकों का इंतजार करने के बजाय अपने वैज्ञानिकों पर भरोसा किया और स्वदेशी वैक्सीन बनाकर दुनिया को भी दी। मोदी सरकार ने केवल इंफ्रास्ट्रक्चर स्ट्रक्चर नहीं बदला, बल्कि देश की सोच बदली है। कल तक जिन सीमावर्ती गांवों को भारत का अंतिम गांव मानकर उनके विकास की उपेक्षा की जाती थी आज उन्हें भारत का प्रथम गांव मानकर उनकी सुरक्षा और प्रगति सुनिश्चित की जा रही है। एक समय जिन सैनिकों को अपमान का घूंट पीना पड़ता था, आज सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए उनका शौर्य पूरी दुनिया देख रही है। वोकल फॉर लोकल और वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट जैसी योजनाओं ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित किया है। जैसे मेरठ, जिसे कभी माफियाओं का केंद्र माना जाता था, आज क्रिकेट बेट और हॉकी स्टिक के निर्माण के लिए जाना जा रहा है।

युवा अब नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला

श्री नवीन ने कहा कि आज का भारतीय युवा अब नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बन गया है। देश में 2 लाख से अधिक स्टार्टअप्स और वैश्विक स्तर पर नेतृत्व कर रहे यूनिकॉर्न्स इस बात का प्रमाण हैं। भाजपा सरकार अंत्योदय के तहत आखिरी व्यक्ति तक लाभ और विकास पहुंचाने का कार्य कर रही है। आज 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 12 करोड़ माताओं-बहनों को सम्मानजनक जीवन देने के लिए शौचालय और 3 करोड़ लखपति दीदी को स्वावलंबी बनाने का अभूतपूर्व कार्य हो रहा है। श्री नवीन ने सभी छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि वे भारत के स्पेस, इनोवेशन और विकास की इस ऐतिहासिक यात्रा से स्वयं को जोड़ें और अपनी ऊर्जा से देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्रांतिधरा पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का ‘युवा संवाद‘ कार्यक्रम में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हमने सत्ता संभालते ही युवाओं के लिए सरकारी भर्तियों को लेकर पारदर्शी व्यवस्था बनाई। अब तक 9.50 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी है। परसों से फिर मिशन रोजगार शुरू हुआ है। मंगलवार सुबह फिर ढाई हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र मिलेंगे। छह महीने में एक लाख युवाओं को नौकरी देंगे। यह क्रम अनवरत चलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तंज कसा कि मुझसे प्रश्न वो लोग पूछ रहे हैं, जिनके शासन में एक भी भर्ती साफ-सुथरी नहीं थी। विज्ञापन निकलते ही महाभारत के रिश्ते (चाचा-भतीजे, भाई, मामा) वसूली करने निकल पड़ते थे। थाने-तहसीलें बिक जाती थीं। सपा शासन के समय जिसने परीक्षा भी नहीं दी, ऐसे लोगों को भी नियुक्ति पत्र दे दिया गया। यूपी पब्लिक सर्विस कमीशन की एक परीक्षा ऐसी हुई, उसमें 86 में से 56 एक ही जाति के थे। उसका टॉपर वह हुआ, जो हाईस्कूल-इंटर, स्नातक में तृतीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुआ। बाकी की शिक्षा भगवान भरोसे हुई। अयोग्य व्यक्ति को चेयरमैन बना दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर युवा का भाव राष्ट्र प्रथम होना चाहिए। डबल इंजन सरकार युवा ऊर्जा को प्लेटफॉर्म दे रही है। हर क्षेत्र में युवा शक्ति समेत सभी वर्गों के लिए कार्य हुए हैं। उन्होंने आह्वान किया कि पिछली सरकारों से तुलना कीजिए और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ाइए। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि यह महत्वपूर्ण नहीं कि आपकी शिक्षा कितना धनार्जन कराती है, बल्कि यह महत्वपूर्ण है कि शिक्षा राष्ट्र के प्रति कितना समर्पण का भाव पैदा करती है। मुख्यमंत्री ने छात्रों, युवाओं से कहा कि हर क्षेत्र में आपके लिए संभावनाएं हैं। उसके अनुरूप करियर को बढ़ाइए। मुख्यमंत्री ने महाभारत, हस्तिनापुर, आजादी के दौर में मेरठ का जिक्र किया, कहा कि मेरठ ने कई दौर को अपने आंखों से देखा है। जब भारत की आजादी का आह्वान हुआ तो उप्र की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। मंगल पांडेय ने बैरकपुर में जो चिंगारी जलाई, मेरठ में कोतवाल धन सिंह गुर्जर के नेतृत्व में उस चिंगारी ने दिल्ली के सिंहासन को हिला दिया था। झांसी में रानी लक्ष्मीबाई, बिठूर में नाना साहेब, तात्या टोपे ने इस आंदोलन को बढ़ाया। उत्तर प्रदेश का कोई भी ऐसा कस्बा और जनपद नहीं था, जहां भारत की आजादी के लिए ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ गूंज न उठी हो। हमारी एकता ने ब्रिटिश ताकत की चूलें हिला दी थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजाद भारत में मेरठ ने वह दौर भी देखा है, जब दंगे यहां की नियति बन गए थे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर से लूटे व चोरी किए गए वाहनों को स्क्रैप किए जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2017 में हमारे सामने वाहन चोरी के मामले आए तो हमने कहा कि वाहन कहां जा रहे हैं, पता चला कि मेरठ मे कट रहे हैं। हमने प्रशासन से कहा कि बुलडोजर का स्टेयरिंग ऐसे घुमाओ कि यह कारोबार बंद हो, फिर यहां चोरी के वाहन कटने बंद हुए। मेरठ अब 12 लेन के एक्सप्रेसवे, नमो भारत रैपिड रेल के साथ जुड़ गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में साढ़े 9 साल में दंगा नहीं हुआ। मैंने पुलिस वालों से कहा कि मॉकड्रिल का प्रदर्शन ही कर दो ताकि दंगाई भूल न जाएं कि कार्रवाई कैसी होती है। अब डबल इंजन की सरकार है, इसलिए माता-पिता चिंतित नहीं होते हैं। 2017 के पहले हर मां-पिता को चिंता होती थी कि पश्चिमी उप्र में बच्चों को कैसे पढ़ाएं। 2017 के चुनावी अभियान का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा पहला कार्यक्रम बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद में था। पहली सभा में बोलने खड़ा हुआ तो कुछ लोग मेरे पास आए और बोले कि कुछ ऐसा-वैसा मत कह दीजिएगा। हमने कहा कि हमारी सरकार बनेगी तो दंगे बंद होंगे, बेटी सुरक्षित होगी। अच्छी शिक्षा मिलेगी। लोग देखते थे कि कोई देख तो नहीं रहा है, तब ताली बजाते थे। मैंने कहा कि कम से कम ताली तो खुलकर बजा दो। उस समय ताली बजाने में भी लोगों को डर लगता था।

पलायन, दंगा, कर्फ्यू, चोरी के वाहन की बिक्री बंद

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले यूपी को बीमारू कहा जाता था। यहां कोई आना नहीं चाहता था। यहां से पलायन होता था। अब यहां पलायन, दंगा, कर्फ्यू, चोरी के वाहन की बिक्री बंद हो गई। अब हर व्यक्ति पसंद के अनुरूप संस्थान व रोजगार का चयन कर सकता है। हमने मेरठ में प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय बनाया। ओडीओपी में खेल उत्पाद की ब्रांडिंग करके उसे पहचान दी। अब किसान खुशहाल है, उसे चिंता नहीं है कि बेटी की शादी के लिए गन्ना मूल्य का भुगतान होगा कि नहीं होगा। सरकार अब गन्ना मूल्य भुगतान की गारंटी दे रही है। सरकार ने 2017 से 2026 के बीच 3.30 लाख करोड़ रुपये गन्ना मूल्य का भुगतान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बिचौलिए समाप्त हो गए। अब 100 में से 15 पैसा नीचे नहीं जाता, बल्कि मोदी जी ने जनधन, मोबाइल व डिजिटल ट्रांजेक्शन के माध्यम से ऐसी व्यवस्था कर दी है कि पूरे 100 रुपये लाभार्थी के खाते में जाते हैं। एक भी पैसा इधर-उधर नहीं हो सकता। पीएम मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने तकनीक की ताकत का अहसास कराया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम लोग सांसद थे तो कनेक्शन के 10-10 कूपन मिलते थे। कुछ लोग कूपन बेचने के लिए बदनाम हो गए थे। कांग्रेस की बेचने की प्रवृत्ति थी। उन लोगों की मानसिकता गलत थी तो उन्होंने चोरी करना सिखाया, लेकिन अटल जी प्रधानमंत्री बने तो टेलीकॉम क्षेत्र में रिफॉर्म किया। भारत इस क्षेत्र में बढ़ चुका है। स्मार्टफोन का श्रेय अटल जी व डिजिटल क्रांति का श्रेय मोदी जी को जाता है। दोनों के कार्य करने की नीयत और निर्णय लेने की क्षमता ही उनकी सबसे बड़ी पहचान बनी। मुख्यमंत्री ने परोक्ष रूप से राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि हर कार्य को नकारात्मक भाव से देखने वाला युवा नहीं हो सकता। युवा का भाव सकारात्मक होता है। उसका दृष्टिकोण स्पष्ट होना चाहिए। भारत की युवा शक्ति ने पलायन नहीं किया, चुनौती को समस्या नहीं माना बल्कि समाधान का रास्ता निकाला। मुख्यमंत्रीने श्रीराम, श्रीकृष्ण, बुद्ध, स्वामी विवेकानंद, सुभाष चंद्र बोस, महाराणा प्रताप, गुरु गोविंद सिंह का भी जिक्र किया। राक्षसों को नेस्तनाबूद करने के राम के संकल्प को बताया और कहा कि श्रीकृष्ण ने कंस के अत्याचार से त्रस्त मथुरा को मुक्ति दिलाई। श्रीकृष्ण ने कहा कि मुरली वृंदावन में बजेगी, मथुरा में सुदर्शन से काम चलाना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले यूपी में महीनों कर्फ्यू लगा रहता था। दंगाइयों के खिलाफ कार्रवाई की बजाय उन्हें मुख्यमंत्री आवास पर सम्मानित किया जाता था, लेकिन अब यूपी में ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है, जिससे पाकिस्तान के आका भी कांप उठते हैं। यूपी के पास सर्वाधिक युवा वर्कफोर्स है। सभी ने बदलते भारत के साथ बदलते यूपी को देखा है। अब इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ ही विकास और विरासत का सम्मान है। मेरठ से 40-45 मिनट में दिल्ली की दूरी तय की जा सकती है। हमारे जनप्रतिनिधि अब गंगा एक्सप्रेसवे से साढ़े तीन घंटे में लखनऊ पहुंचते हैं। यह गति प्रगति का आधार है। मुख्यमंत्री ने कैराना के पलायन का जिक्र कर वहां के व्यापारी का दर्द भी सुनाया। फिर कहा कि 2021 में मैं कैराना गया था। अब वहां लोग वापस आ चुके हैं। मैं खुद जाकर लोगों से मिला और उनकी समस्या सुनी। उस परिवार की बेटी ने अपना दर्द बताया। यूपी में अब कैराना, सहारनपुर से सोनभद्र, बिजनौर से बलिया तक हर जगह सुरक्षा है। पिछली सरकारों ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नष्ट कर दिया। हमने ओडीओपी व एमएसएमई सेक्टर को संजोया। इससे 3.25 करोड़ लोगों को इसके माध्यम से रोजगार मिला। सुरक्षा का बेहतरीन वातावरण मिला तो 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए। 15 लाख करोड़ की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी हुई। हर क्षेत्र में यूपी में निवेश आए। पिछली सरकारों ने एक जिला-एक माफिया दिया। हमने एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज दिया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि तकनीक से भागिए नहीं। उसके अनुरूप खुद को न ढालिए, बल्कि अपने अनुरूप उसे ढालिए। क्वांटम कंप्यूटिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, रोबोटिक्स, एआई समेत हर फील्ड को टटोलिए, क्योंकि आपके पास संभावनाएं हैं। अच्छी पुस्तकों का अध्ययन कजिए। विरासत, मातृभूमि, पूर्वजों, राष्ट्रनायकों, तीर्थों, बड़ों-गुरुजनों के प्रति श्रद्धा का भाव रखें, यह आपको ज्ञानवान और चुनौतियों से जूझने का जज्बा देगा। सपनों को साकार करने की तैयारी कीजिए, डबल इंजन सरकार आपके लिए पलक पांवड़े बिछाकर इंतजार कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी ने युवा संवाद कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा आज के इस मांगल्य सभागार में उपस्थित युवा शक्ति को देखकर मेरा मन अभिभूत है। मेरठ की इस पावन धरती पर 1857 के उस पहले स्वतंत्रता संग्राम की याद आ जाती है, जिसकी चिंगारी ने पूरे देश को आज़ादी के सूत्र में बाँध दिया था। मैं कोतवाल धन सिंह गुर्जर जी और राव कदम सिंह जी जैसे क्रांतिवीरों की इस वीर माटी को नमन करता हूं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि युवा संवाद भारत के वर्तमान और आने वाले स्वर्णिम भविष्य की दिशा तय करने के लिए है। आज भारत विश्व का सबसे युवा देश है। हमारी 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। यह सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है, यह हमारी सबसे बड़ी ताकत है और हमारी इसी युवा ताकत ने हमारे भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने कहा था मुझे 100 ऊर्जावान, निष्ठावान युवा दे दो, मैं इस देश का भाग्य बदल दूंगा। आज तो हमारे पास करोड़ों ऐसे युवाओं की फ़ौज है। युवा सिर्फ देश की वह ताकत हैं जो भारत की ग्लोबल पोजिशनिंग को लगातार बेहतर कर रहा है। फिनटेक, अंतरिक्ष और डिफेंस क्षेत्र के स्टार्ट अप ने तो पूरे विश्व में भारत की एक नई पहचान बनाई है। पंकज चौधरी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश का परिदृश्य पूरी तरह बदल रहा है। आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। हमारे देश के छोटे-छोटे शहरों से निकलकर युवा नई तकनीकों और नए विचारों के साथ यूनिकॉर्न खड़े कर रहे हैं। हमारी सरकार यूथ एम्पावरमेंट के लिए प्रतिबद्ध है। और इसीलिए मोदी सरकार ने स्टार्ट अप पर लगने वाला एंजेल टैक्स खत्म कर दिया है। यूपी स्टार्टअप नीति 2026 से युवाओं के आइडिया को बिजनेस में बदलने के लिए AI  ड्रोन और रोबोटिक्स जैसी भविष्य की तकनीकों पर फोकस किया जा रहा है,जिससे 24,000 से अधिक स्टार्टअप्स वाले इकोसिस्टम को नई ऊर्जा मिलेगी। हमारे युवा वैज्ञानिक और इंजीनियर मंगलयान, गगनयान ‘चंद्रयान‘ और ‘आदित्य-L1  जैसे अभियानों से अंतरिक्ष में तिरंगा लहरा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए 4S  स्किल, स्केल, स्पीड, और स्कोप की नीति के तहत कार्य कर रही है। ‘स्किल इंडिया‘ अभियान चलाया जा रहा है, ताकि हर हाथ को काम और हर हुनर को पहचान मिल सके। उन्होंने कहा कि आपके हुनर को और तराशने के लिए ही जून 2026 से सरधना में 250 करोड़ की लागत वाले उत्तर प्रदेश के पहले मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय ने भी अपना पहला सत्र शुरू कर दिया है। उ० प्र० में एक ऐसा समय भी था कि सपा सरकार में युवाओं के हाथों में  लाठी डंडे और तमंचे थमाए जाते थे आज डबल इंजन सरकार में युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। प्रदेश से गुंडाराज और माफियाराज का खात्मा हुआ है। कानून का राज स्थापित होने से दुनिया भर के उद्योगपति आज यूपी में लाखों करोड़ रुपये का निवेश कर रहे हैं, जिससे हमारे युवाओं के लिए लाखों नए रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं। आज हमारा उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज़ का प्रदेश बन चुका है। पूरे देश के 55 प्रतिशत एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश में है। आज का उत्तर प्रदेश ‘बीमारू‘ राज्य से निकलकर भारत की दूसरी पंकज चौधरी ने कहा कि इस क्रांतिधरा मेरठ से मैं आप सभी से तीन संकल्प लेने का आह्वान करता हूँ कि राष्ट्र प्रथम, अनुशासन और निरंतरता तथा अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाएं भटकाव से दूर रहकर अपने लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करें। समाज में भाईचारा, स्वच्छता, और सकारात्मक बदलाव के वाहक बनें। देश को बांटने वाली ताकतों को अपनी एकजुटता से करारा जवाब दें। अगर देश का युवा ठान ले, तो दुनिया की कोई भी ताकत भारत को 2047 तक विकसित भारत बनाने से नहीं रोक सकती। पंकज चौधरी ने कहा कि यह समय रुकने और थकने का नहीं है। यह समय उठने, दौड़ने और विजयी होने का है। अपनी शक्ति को पहचानिए, अपने सपनों को उड़ान दीजिए और इस देश को दुनिया के शिखर पर ले जाने के लिए आगे बढ़िए। भारतीय जनता पार्टी और भाजपा सरकार हर कदम पर आपके साथ खड़ी है।
Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

5 × 1 =

Related Articles

राहत को ना! कोई नहीं बचेगा सब गिराए जाएंगे

राहत को ना! कोई नहीं बचेगा सब गिराए जाएंगे

विहिप मातृशक्ति संगठन का विस्तार

विहिप मातृशक्ति संगठन का विस्तार

जाट लैंड में चुनावी शंखनाद कर गए योगी व नितिन नवीन

जाट लैंड में चुनावी शंखनाद कर गए योगी व नितिन नवीन

कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा