मेरठ। राष्ट्रीय लोकदल महिला प्रकोष्ठ, मेरठ द्वारा राष्ट्रीय लोकदल की महिला शक्ति का संदेश प्रत्येक घर एवं प्रत्येक बूथ तक पहुंचाने, महिलाओं को संगठन से जोड़ने तथा संगठन विस्तार को गति देने के उद्देश्य से भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं में संगठन के प्रति नई ऊर्जा का संचार करना, उन्हें नेतृत्व के लिए प्रेरित करना तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम के आयोजन में राष्ट्रीय लोकदल महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिव एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं हरियाणा प्रभारी ऋचा सिंह जी का विशेष एवं महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कार्यक्रम का सफल एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ।
महिला परिवर्तन की शक्ति
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राष्ट्रीय लोकदल की राष्ट्रीय सचिव, पार्लियामेंट बोर्ड की सदस्य एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रमा नागर रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं केवल वोटर नहीं, बल्कि परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति हैं। जब महिलाएं संगठित होकर आगे बढ़ती हैं तो संगठन और समाज दोनों मजबूत होते हैं। उन्होंने सभी महिला कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर राष्ट्रीय लोकदल की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं राष्ट्रीय लोकदल के क्षेत्रीय अध्यक्ष त्रिसपाल मलिक ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। यदि प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ अपने बूथ पर कार्य करे तो संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय लोकदल महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष जू रानी ने की। उन्होंने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि महिला प्रकोष्ठ गांव-गांव एवं बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करेगा और महिलाओं को संगठन में सम्मानजनक एवं सक्रिय भूमिका दिलाने का कार्य करेगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल महिला प्रकोष्ठ की क्षेत्रीय अध्यक्ष इंद्राणी त्यागी ने संगठन के विस्तार के क्रम में राजबाला को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष तथा मरियम शाह जिलानी को क्षेत्रीय महासचिव पद का मनोनयन पत्र प्रदान कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक महिला पदाधिकारी को अपने क्षेत्र में सक्रिय होकर नई महिलाओं को जोड़ना होगा तथा बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाना होगा। संचालन
ये रही मौजूद
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय लोकदल महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश उपाध्यक्ष दीपमाला चौधरी एवं कुलवंत सोलंकी ने किया। सम्मेलन के दौरान संगठन विस्तार, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित महिला कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय लोकदल की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष वीना पुनिया, शिवानी खत्री, कृष्णा, सुनीता मलिक, नीलम तोमर सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया। सम्मेलन में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संगठन की मजबूती, महिला सशक्तिकरण एवं राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
Leave a comment