Home उत्तरकाशी। रामनगर रोड निर्माण को मिली हरी झंडी, मई के दूसरे सप्ताह से शुरू होगा कार्य
उत्तरकाशी।

रामनगर रोड निर्माण को मिली हरी झंडी, मई के दूसरे सप्ताह से शुरू होगा कार्य

Share
Share

काशीपुर,,
सोनू

काशीपुर। शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में काशीपुर-रामनगर रोड (किमी 0 से 24) के निर्माण प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी इस सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
महापौर ने इस महत्वपूर्ण परियोजना का श्रेय प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को देते हुए कहा कि उनके प्रयासों से केंद्र सरकार के संबंधित विभाग से स्वीकृति मिल सकी है। उन्होंने बताया कि करीब 16 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के लिए शासनादेश (जीओ) जारी हो चुका है।
उन्होंने जानकारी दी कि एक सप्ताह के भीतर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी और 10 अप्रैल के आसपास टेंडर जारी होने के बाद मई के दूसरे सप्ताह से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। महापौर ने कहा कि यह सड़क लंबे समय से शहर की प्रमुख समस्या बनी हुई थी, जिसे अब प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जा रहा है।
फोरलेन परियोजना भी प्रगति पर
महापौर ने बताया कि रामनगर रोड को फोरलेन बनाने की योजना पर भी कार्य जारी है। इसके तहत भूमि अधिग्रहण और वन विभाग से संबंधित औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि फोरलेन निर्माण में लगभग दो से ढाई वर्ष का समय लग सकता है, इसलिए फिलहाल टू-लेन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है ताकि जनता को जल्द राहत मिल सके।
रेलवे ओवरब्रिज दिसंबर 2026 तक संभव
रामनगर रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज परियोजना पर भी प्रगति जारी है। पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा के अनुसार, इस परियोजना के दिसंबर 2026 तक पूर्ण होने की उम्मीद है।
रोडवेज और आईएसबीटी पर भी फोकस
प्रेस वार्ता के दौरान रोडवेज बस अड्डे की खराब स्थिति और पेयजल समस्या का मुद्दा भी सामने आया। इस पर महापौर ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही नए आईएसबीटी के लिए बाजपुर रोड और मुरादाबाद रोड क्षेत्र में भूमि चिन्हित किए जाने की जानकारी दी।
अतिक्रमण और तहबाजारी शुल्क पर सफाई
चैती मेला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर महापौर ने स्पष्ट किया कि नगर निगम द्वारा तय तहबाजारी शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि 24 फीट तक ₹50, 48 फीट तक ₹75 और उससे अधिक पर ₹150 शुल्क पूर्व निर्धारित है। यदि कहीं भी गलत वसूली पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अंत में महापौर ने कहा कि काशीपुर के विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है और जल्द ही शहरवासियों को बेहतर सड़क और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

twenty + seven =