मेरठ\ पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री रवीश गुप्ता द्वारा डिस्कॉम मुख्यालय, ऊर्जा भवन स्थित कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम में संचालित हो रही व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करते हुए विद्युत आपूर्ति से संबंधित फीडरों की कार्य प्रणाली एवं उनकी सतत मॉनिटरिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी फीडर के बाधित होने की स्थिति में तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि न्यूनतम समय में विद्युत आपूर्ति को पुन: बहाल किया जा सके। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली को सदैव सक्रिय एवं प्रभावी बनाए रखना आवश्यक है।
प्रबंध निदेशक ने इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि तकनीकी दक्षता, सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करते हुए विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकें। उन्होंने कंट्रोल रूम में उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए कार्य निष्पादन की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान निदेशक (तकनीकी) श्री एनके मिश्र ने निर्देश दिए कि फीडर मॉनिटरिंग, विद्युत बाधाओं की सूचना प्राप्त होने पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्युत आपूर्ति की फीडरवार सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे विद्युत आपूर्ति मे बाधा की सूचना प्राप्त होने पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर श्री सोनम सिंह स्टाफ ऑफिसर अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Leave a comment