Home Uncategorized आगरा: सुहागरात से पहले लुटेरी दुल्हन ने दिखाया असली चेहरा, ससुराल से नकदी और जेवरात लेकर फरार
Uncategorized

आगरा: सुहागरात से पहले लुटेरी दुल्हन ने दिखाया असली चेहरा, ससुराल से नकदी और जेवरात लेकर फरार

Share
Share

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक बार फिर लुटेरी दुल्हन का मामला सामने आया है जिसने शादी की पहली ही रात ससुराल वालों के होश उड़ा दिए। घटना एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के सीतानगर की है, जहां नई नवेली दुल्हन ने सुहागरात के बहाने दूल्हे और परिजनों को नशीला दूध पिलाकर सभी को बेहोश कर दिया और फिर घर से जेवरात, नकदी समेत लाखों का माल लेकर फरार हो गई।

बिचौलिए ने रचाया शादी का नाटक

पीड़ित परिवार के अनुसार, वे अपने बेटे की शादी के लिए लड़की की तलाश कर रहे थे, तभी उनकी मुलाकात जयप्रकाश नामक एक बिचौलिए से हुई। जयप्रकाश ने विवाह तय कराने के एवज में पहले 80 हजार रुपये लिए और फिर 4 मई को नगला पदी के महादेव मंदिर में शादी कराई। शादी के दौरान लड़की के साथ जो लोग थे, उन्होंने खुद को उसके मामा, मामी, फूफा और बुआ बताया।

सुहागरात पर खेला गया नशीले दूध का ‘ड्रामा’

शादी के दो दिन बाद, यानी 6 मई की रात को दुल्हन ने सुहागरात का बहाना बनाकर दूल्हे और घरवालों को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। सभी लोग पूरी रात बेहोशी की हालत में रहे। जब सुबह होश आया तो अलमारी से 1.30 लाख रुपये नकद और कीमती गहने गायब थे। दुल्हन भी घर से लापता थी।

फर्जी निकले रिश्तेदार, गिरोह का खुलासा

घटना की छानबीन के दौरान पता चला कि लड़की द्वारा बताए गए रिश्तेदार फर्जी थे। ‘मामा’ बनने वाले व्यक्ति ने कबूल किया कि वह पैसे लेकर इस काम में शामिल हुआ था। उसे वकील के कहने पर 10 हजार रुपये देने का वादा किया गया था, पर शादी के बाद सिर्फ 500 रुपये मिले।

बिचौलिए ने दी धमकी

जब पीड़ित परिवार ने बिचौलिए जयप्रकाश से जवाब मांगा तो उसने बेशर्मी से कहा, “जो हुआ सो हुआ, दूसरी शादी करवा देंगे।” इसके साथ ही उसने धमकी दी कि अगर पुलिस में शिकायत की गई तो पूरे परिवार को फर्जी केस में फंसा दूंगा।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी

एसीपी छत्ता हेमंत कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस इस गिरोह का भंडाफोड़ करने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह एक सुनियोजित ठगी का मामला है, जिसमें फर्जी रिश्तेदारों और बिचौलियों के जरिये भोले-भाले परिवारों को निशाना बनाया जाता है।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

5 × 2 =