मेरठ/ ठेकेदारों पर एफआईआर दर्ज होने के बाद कैंट बोर्ड गांधी बाग की कैंटीन का ठेका निरस्त करने जा रहा है। इतना ही नहीं यह भी संभव है कि ठेकेदार दीपक व विक्की कश्यप को ब्लैक लिस्टेड कर दिया जाए। गांधी बाग की कैंटीन का ठेका कैंट बोर्ड में पहले से कई ठेके चला रहे दीपक व विक्की कश्यप के नाम छोड़ा गया है। इन ठेकेदारों की ओर से कैंट बोर्ड में जो शपथ पत्र दायर किए गए उन पर पूर्व ठेकेदार अनिल गुप्ता ने आपत्ति दर्ज की। उनसे एक पत्र जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के यहां देकर शपथ पत्रों की जांच कराए जाने की मांग की। एसएसपी ने उनकी शिकायत का संज्ञान लेकर शपथ पत्रों की जब जांच की तो वो कथित रूप से झूठे पाए गए। यह जांच सीओ ने की थी। शपथ पत्र झूठे पाए जाने के बाद पुलिस ने विक्की कश्यप व दीपक के खिलाफ मुकदमा लिख दिया। झूठे शपथ पत्र दायर कर लिए गए ठेके के मामले में ठेकेदारों पर मुकदमे के बाद अब कैंट बोर्ड भी इस ठेके को निरस्त करने जा रहा है।
कई ठेके कर रहे हैं संचालित
जिन ठेकेदारों पर पुलिस ने मुकदमा लिखा है, जांच में पता चला कि उन पर पहले से कई मुकदमे लिखे हुए हैं। वहीं दूसरी ओर ये ठेकेदार पार्किंग समेत तहबाजारी के भी ठेके चला रहे हैं। कैंट बोर्ड जितने भी ठेके छोड़ता है उन सभी में ठेकेदार से शपथ पत्र लिया जाता है। माना जा रहा है कि अब तहबाजारी और पार्किंग ठेकों में दिए गए शपथ पत्रों की भी जांच की तैयारी है जिसके चलते इनके तमाम ठेकों पर अब कार्रवाई की तलवार लटक रही है।
Leave a comment