Home देहरादून विधानसभा सत्ररू स्मार्ट मीटर पर गरमाई बहस, विपक्ष ने लगाया घपले का आरोप
देहरादून

विधानसभा सत्ररू स्मार्ट मीटर पर गरमाई बहस, विपक्ष ने लगाया घपले का आरोप

Share
Share

गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन सदन में स्मार्ट मीटर का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा। नियम 58 के तहत हुई चर्चा के दौरान विपक्षी विधायकों ने स्मार्ट मीटर का विरोध करते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि सरकार स्पष्ट करे कि स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य है या वैकल्पिक। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर सदन की कार्यवाही स्थगित कर विस्तृत चर्चा कराने की मांग की।

विधायक रवि बहादुर ने कहा कि लोगों पर जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। वहीं विधायक विक्रम सिंह नेगी ने भी इसे बड़ा घपला करार दिया। विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि किसानों का जितना बिजली बिल नहीं आ रहा, उससे अधिक सर्च चार्ज वसूला जा रहा है। उन्होंने सरकार से किसानों के बिजली बिल माफ करने की मांग की।

हर ब्लॉक में बनेंगे मिनी स्टेडियम

विधानसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जानकारी दी कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद प्रदेश में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके तहत राज्य के हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसके लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में प्रावधान किया गया है।

पुलिस कांस्टेबल ग्रेड पे का मामला भी उठा

सदन में पुलिस कांस्टेबल ग्रेड पे का मुद्दा भी उठा। उपनेता सदन भुवन कापड़ी ने कहा कि पुलिस कांस्टेबल को 10 वर्ष की सेवा पर 2400, 20 वर्ष की सेवा पर 2800 और 30 वर्ष की सेवा पर 4600 ग्रेड पे देने का वादा किया गया था, लेकिन यह लागू नहीं किया गया।

वहीं विधायक काजी निजामुद्दीन ने विधानसभा सत्र के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों के रहने, खाने और सोने की उचित व्यवस्था न होने का आरोप लगाया। इस पर संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि पुलिस कांस्टेबल के लिए 10 वर्ष की सेवा पर 2400, 20 वर्ष की सेवा पर 2800 और 30 वर्ष की सेवा पर 4200 ग्रेड पे का प्रावधान है।

हल्द्वानी में बनेगा खेल विश्वविद्यालय

खेल मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि हल्द्वानी में जल्द ही खेल विश्वविद्यालय का निर्माण शुरू किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने आगामी बजट में प्रावधान किया है और निर्माण की सभी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। विश्वविद्यालय के अधीन हल्द्वानी स्टेडियम को भी शामिल किया जाएगा।

विपक्ष के इस्तीफे मंजूर नहीं

विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण ने सदन में स्पष्ट किया कि कार्यमंत्रणा समिति से नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और विधायक प्रीतम सिंह के इस्तीफे मंजूर नहीं किए गए हैं, इसलिए दोनों अभी भी समिति के सदस्य बने रहेंगे।

गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग

इस बीच सुराज सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को लेकर विधानसभा कूच करने की कोशिश की। दिवालीखाल पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने सड़क पर ही धरना देकर प्रदर्शन किया।

वहीं उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष आशीष नेगी ने कहा कि सरकार को विधानसभा सत्र के दौरान ही गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करना चाहिए।

लोक कलाकार दीवान कनवाल के निधन पर शोक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसिद्ध लोक कलाकार दीवान कनवाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दीवान कनवाल ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति और लोक संगीत को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

पदक विजेता खिलाड़ियों को नौकरी देने की तैयारी

भाजपा विधायक सुरेश गढ़िया ने पूछा कि कितने पदक विजेता खिलाड़ियों को नौकरी दी गई है। इस पर खेल मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि खिलाड़ियों को नौकरी देने की प्रक्रिया जारी है। वर्ष 2013 से 2023 तक 29 खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नौकरी दी जा चुकी है।

सेमल डाला में बनेगा खेल स्टेडियम

प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक लखपत सिंह बुटोला ने पीपलकोटी के सेमल डाला मैदान के विस्तार की मांग उठाई। इस पर खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि सेमल डाला में खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 × two =