Home उत्तर प्रदेश डीएम ने एलपीजी व पेट्रोल-डीजल एजेंसी संचालकों के साथ की बैठक, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
उत्तर प्रदेशगौतमबुद्धनगर

डीएम ने एलपीजी व पेट्रोल-डीजल एजेंसी संचालकों के साथ की बैठक, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

Share
Share

गौतमबुद्धनगर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एलपीजी तथा पेट्रोल-डीजल वितरण एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर उपभोक्ताओं को सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में Indian Oil Corporation, Bharat Petroleum और Hindustan Petroleum की विपणन एवं आपूर्ति शाखा के क्षेत्रीय बिक्री अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं को शत-प्रतिशत गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और कालाबाजारी व अनाधिकृत भंडारण पर सख्ती से रोक लगाई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा एलपीजी सिलेंडरों की अवैध खरीद-फरोख्त या भंडारण किया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में एलपीजी वितरण एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि जनपद में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। ऐसे में उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की अफवाह या घबराहट में आने की आवश्यकता नहीं है।

अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार सिंगल बॉटल कनेक्शन वाले उपभोक्ता सिलेंडर डिलीवरी के 25 दिन बाद रिफिल बुक कर सकते हैं, जबकि डबल बॉटल कनेक्शन वाले उपभोक्ता 30 दिन बाद रिफिल बुकिंग करा सकते हैं।

जिलाधिकारी ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों और गैस एजेंसी स्वामियों को निर्देश दिए कि सीसीटीवी कैमरे हमेशा चालू रखें, सभी अभिलेख अद्यतन रखें और रिपीटेड बायर्स तथा कर्मचारियों की निगरानी करें ताकि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी न हो सके।

जिला पूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे केवल अधिकृत गैस कंपनियों की ऑनलाइन सेवा, मोबाइल नंबर या मोबाइल ऐप के माध्यम से ही गैस रिफिल बुक करें और अधिकृत वितरकों या हॉकर के जरिए ही सिलेंडर प्राप्त करें। साथ ही सोशल मीडिया पर फैल रही किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न देने की सलाह दी।

बैठक में डीसीपी सेंट्रल शक्ति मोहन अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम सहित पूर्ति निरीक्षक तथा पेट्रोल पंप और एलपीजी वितरण एजेंसियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

7 + nineteen =