
मेरठ के परतापुर क्षेत्र के बहादरपुर गांव स्थित रजबहे में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां कक्षा 12 में पढ़ने वाली 17 वर्षीय छात्रा आस्था उर्फ तनिष्का का सिर कटा शव बरामद हुआ। शव की सलवार की जेब से एक कागज मिला, जिस पर लिखा मोबाइल नंबर पुलिस को जांच की दिशा में आगे बढ़ाने में सहायक बना। जब पुलिस ने उस नंबर पर कॉल किया, तो वह दौराला क्षेत्र के नंगली साधारण गांव निवासी विकास का निकला। विकास ने शव की पहचान आस्था के रूप में की और बताया कि वह उसकी दोस्त थी और दोनों के बीच फोन पर लगातार बातचीत होती थी।
पुलिस जब आस्था के गांव दादरी पहुंची तो पता चला कि वह बुधवार से लापता थी, लेकिन उसके परिवार ने पुलिस को इसकी कोई सूचना नहीं दी थी। पूछताछ में मां राकेश देवी, नाबालिग भाइयों और अन्य परिजन आस्था की गुमशुदगी से जुड़े सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। वहीं, शव की पहचान से भी परिवार ने इंकार कर दिया, जिससे पुलिस को परिजनों की भूमिका पर संदेह हुआ।
प्रेम-प्रसंग को लेकर परिजनों की नाराजगी इस हत्या की वजह मानी जा रही है। शक के आधार पर पुलिस ने मृतका की मां, दो नाबालिग भाइयों, दो मामाओं, ममेरे भाई मंजीत उर्फ मोनू और विकास को हिरासत में ले लिया है। जांच में छात्रा के ममेरे भाई मोनू ने कुछ अहम जानकारियां दी हैं, जिनके आधार पर पुलिस तफ्तीश को आगे बढ़ा रही है।
एसएसपी विपिन ताडा के अनुसार, परिजन लगातार पूछताछ में टाल-मटोल कर रहे हैं और पुलिस की टीम अब छात्रा के सिर की तलाश जानी गंगनहर में कर रही है। घटनास्थल से छात्रा के मामाओं का गांव महरौली भी नजदीक है, जिससे संदेह और गहरा गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
Leave a comment