आशा स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में जीओसी ने दिए दो लाख रुपये, सर्वश्रेष्ठ छात्र के लिए रोलिंग ट्रॉफी की घोषणा
मेरठ। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को किसी कमी के नजरिए से देखने के बजाय विशेष क्षमताओं से संपन्न समझना चाहिए। ये बच्चे कमजोर नहीं, बल्कि ईश्वर के दिए हुए विशेष वरदान हैं। इनके अंदर छिपी प्रतिभा, संवेदनशीलता और प्रेम समाज के लिए प्रेरणादायक है। यह विचार पश्चिम उत्तर प्रदेश सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल सुमित राणा ने शनिवार को आशा स्कूल में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान जीओसी मेजर जनरल सुमित राणा ने स्कूल की व्यवस्थाओं और बच्चों की सुविधाओं के लिए दो लाख रुपये का चेक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन इस राशि का उपयोग बच्चों की आवश्यकतानुसार कर सकता है। इसके साथ ही उन्होंने छात्रा विधि यादव की प्रस्तुति की सराहना करते हुए बताया कि वह पिछले डेढ़ साल से एक ही ड्रेस में प्रस्तुति दे रही हैं। उन्होंने विधि की नई ड्रेस बनवाने के लिए स्कूल को 5100 रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि देने की घोषणा की।
सर्वश्रेष्ठ बच्चे को मिलेगी रोलिंग ट्रॉफी
मेजर जनरल सुमित राणा ने स्कूल के बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए अपनी ओर से एक विशेष रोलिंग ट्रॉफी शुरू करने की भी घोषणा की। यह ट्रॉफी प्रतिवर्ष स्कूल के शिक्षकों द्वारा चयनित उस विद्यार्थी को दी जाएगी, जिसका समग्र प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहेगा।
अभिभावकों के धैर्य और समर्पण को नमन करते हुए जीओसी ने प्रसिद्ध अमेरिकी टेनिस खिलाड़ी (आर्थर ऐश) का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि सफलता मिलने पर हम कभी नहीं पूछते कि यह मुझे ही क्यों मिली, तो फिर जीवन में कठिनाई या बीमारी आने पर ‘मैं ही क्यों’ का सवाल नहीं उठाना चाहिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश सब एरिया संगठन के रूप में ही नहीं, बल्कि वे और उनकी पत्नी व्यक्तिगत रूप से भी इन बच्चों व उनके परिवारों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम का शुभारंभ छात्रा विधि यादव के स्वागत नृत्य से हुआ। इसके बाद बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण को समर्पित गीत ‘ना काटो मुझे, बड़ा दुखता है’ पर भावपूर्ण प्रस्तुति देकर प्रकृति बचाने का संदेश दिया। जादूगर पाशा के अनोखे करतबों ने बच्चों का खूब मनोरंजन किया। अंत में सैन्य अधिकारियों ने बच्चों को उपहार भेंट किए। इस अवसर पर स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर एसके सिंह, सैन्य अस्पताल के कमांडेंट ब्रिगेडियर सीपी सिंह, वरिष्ठ रजिस्ट्रार कर्नल अशोक कुमार सहित स्कूल का स्टाफ और अभिभावक उपस्थित रहे।
Leave a comment