जमीयत उलमा-ए-हिंद के ‘भारत संवाद’ कार्यक्रम में अल्पसंख्यकों के अधिकारों की आवाज
नई दिल्ली। संविधान दिवस के अवसर पर जमीयत उलमा-ए-हिंद के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय, मदनी हॉल में आयोजित ‘भारत संवाद’ कार्यक्रम में राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सद्भावना मंच के प्रतिनिधि सुदीप जैन ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता मौलाना महमूद मदनी ने की तथा संचालन मौलाना मेहंदी हसन कासमी ने किया। इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए सुदीप जैन ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारत को ऐसा संविधान दिया, जिसने देश को विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र बनाया। लोकतंत्र का मूल भाव है कि जनता की, जनता के द्वारा और जनता के लिए सरकार हो, लेकिन आज परिस्थितियां ऐसी बनती जा रही हैं कि सरकार यह तय करने का प्रयास कर रही है कि जनता कौन होगी। यह लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक भावना के विपरीत है।
शासक पर धार्मिक कट्टरता
उन्होंने कहा कि भारत को धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र बनाने के पीछे हमारे इतिहास के अनुभव रहे हैं। जब-जब किसी शासक पर धार्मिक कट्टरता हावी हुई, तब-तब दूसरे धर्मों और समुदायों के सामने संकट खड़ा हुआ। भारत की ताकत उसकी विविधता, सहिष्णुता और सभी धर्मों के प्रति समान सम्मान में है। धर्मनिरपेक्षता का अर्थ किसी धर्म का विरोध नहीं, बल्कि सभी धर्मों के प्रति समान दृष्टिकोण रखना है। सुदीप जैन ने कहा कि सभी धर्मों का मूल संदेश मानवता, करुणा, इंसानियत, सेवा, परोपकार और जियो और जीने दो का है। वसुधैव कुटुंबकम की भारतीय संस्कृति भी इसी भावना को मजबूत करती है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज कुछ लोग धर्म के वास्तविक मर्म को समाप्त कर नफरत और वैमनस्य फैलाने का काम कर रहे हैं। ऐसे लोग न तो धर्म की सच्ची भावना का प्रतिनिधित्व करते हैं और न ही राष्ट्रहित में काम कर रहे हैं।
हर वर्ग अनेक समस्याओं से जूझ रहा
उन्होंने कहा कि आज किसान, व्यापारी, जवान और नौजवान सहित समाज का हर वर्ग अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। आम आदमी के हितों की रक्षा करने के बजाय उसे लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संविधान के समानता के सिद्धांत पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि एक ओर संविधान सभी नागरिकों को समानता का अधिकार देता है, वहीं दूसरी ओर धर्म के आधार पर अलग-अलग व्यवहार की शिकायतें सामने आ रही हैं। एक त्योहार पर प्रशासनिक व्यवस्था, स्कूल-कॉलेजों की छुट्टियां और यातायात के व्यापक इंतजाम किए जाते हैं, लेकिन दूसरी ओर ईद के अवसर पर सड़क पर नमाज अदा करने को लेकर पाबंदियां लगाई जाती हैं। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों की परंपराओं का सम्मान और कानून का समान रूप से अनुपालन होना चाहिए। किसी भी समुदाय के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए।
सहारनपुर में मस्जिद के ध्वस्तीकरण का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि वहां सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन और पूरी कार्रवाई की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल हैं। इसी प्रकार गिरनार पर्वत पर जैन अनुयायियों के साथ मारपीट की घटनाओं और 17 फरवरी 2005 के हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन का विषय भी चिंता का विषय है। उन्होंने सवाल किया कि जब संविधान और कानून सभी के लिए समान हैं, तो अलग-अलग समुदायों के मामलों में अलग-अलग मापदंड क्यों अपनाए जाते हैं?
सुदीप जैन ने कहा कि आज किसानों, व्यापारियों, युवाओं और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। एक समुदाय की पीड़ा को दूसरे समुदाय द्वारा अपनी आवाज देकर उठाना होगा। जब हम एक-दूसरे के दुख-दर्द को अपना समझेंगे, तभी वास्तविक सामाजिक सद्भाव, भाईचारा और संवैधानिक एकता स्थापित हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि जमीयत उलमा-ए-हिंद द्वारा संविधान दिवस पर आयोजित ‘भारत संवाद’ जैसी पहल अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय है। इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों और धर्मों के बीच आपसी विश्वास, प्रेम, सम्मान और सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से आह्वान किया कि वे संकीर्णताओं से ऊपर उठकर संविधान, लोकतंत्र, समानता, न्याय और मानवता की रक्षा के लिए एक साथ आगे आएं।सुदीप जैन ने कहा कि भारत की असली पहचान उसकी धार्मिक विविधता नहीं, बल्कि उस विविधता के बीच कायम रहने वाली एकता, भाईचारा और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता है।
Leave a comment