(Loganathan vs. State of Tamil Nadu) मामले में सर्वोच्च न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण निर्णय का स्वागत
मेरठ। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुदीप जैन ने बहुचर्चित ‘लोगनाथन बनाम तमिलनाडु राज्य’ (Loganathan vs. State of Tamil Nadu) मामले में सर्वोच्च न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण निर्णय का स्वागत किया है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी आदेश के अपलोड होने का उन्हें इंतजार है। गौरतलब है कि ‘लोगनाथन बनाम तमिलनाडु राज्य’ और ‘राजेंद्र बड़जात्या बनाम उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद’ मामलों का दायरा बढ़ाकर इन्हें देशव्यापी (पैन-इंडिया) किए जाने के कारण ही मेरठ सहित पूरे देश के अन्य शहरों में आवासीय व व्यावसायिक निर्माणों पर बड़े पैमाने पर सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही थी। बताते चलें कि सुदीप जैन ने इससे पूर्व ‘राजेंद्र बड़जात्या बनाम आवास विकास’ मामले की सुनवाई के लिए भी पीठ बदलने (Bench Change) की मांग उठाई थी, ताकि प्रभावित नागरिकों और व्यापारियों को न्यायसंगत और व्यावहारिक राहत मिल सके।
(Micro-supervision) होगी सीमित
न्यायमूर्ति बी.वी. नागरत्ना की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने ‘लोगनाथन बनाम तमिलनाडु’ मामले पर सुनवाई करते हुए व्यापक पैन-इंडिया कार्यवाही और शहरों की अनिश्चितकालीन सीधी सूक्ष्म निगरानी (Micro-supervision) को सीमित करने का बड़ा निर्णय लिया है। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि इन कार्यवाहियों में व्यक्तिगत शिकायतों और निजी आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा, तथा कई व्यक्तिगत याचिकाकर्ताओं के माध्यम से इस मामले का विस्तार नहीं होने दिया जा सकता है। कोर्ट ने कहा कि अपनी व्यक्तिगत शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित व्यक्ति उचित ट्रिब्यूनल, फोरम या स्थानीय अदालत जा सकते हैं। पीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि अब सुप्रीम कोर्ट हर शहर की एक-एक इमारत की निगरानी नहीं करेगा, बल्कि कार्रवाई और नियमन का अधिकार व जिम्मेदारी वापस संबंधित राज्य सरकारों और स्थानीय विकास प्राधिकरणों (जैसे मेरठ विकास प्राधिकरण – MDA और आवास विकास परिषद) के पास रहेगी।
सुदीप ने दी प्रतिक्रिया
इस निर्णय पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुदीप जैन ने कहा: “‘लोगनाथन बनाम तमिलनाडु’ और ‘राजेंद्र बड़जात्या बनाम आवास विकास’ मामलों को पैन-इंडिया स्तर पर ले जाने और लगातार नई-नई व्यक्तिगत शिकायतों के जुड़ने के कारण पिछले कई महीनों से मेरठ समेत देश भर के लाखों परिवार, व्यापारी और आम नागरिक सीलिंग व ध्वस्तीकरण की तलवार लटकने से भारी भय और असमंजस में जी रहे थे। हमारी यह निरंतर मांग रही है कि स्थानीय परिस्थितियों और जनभावनाओं को देखते हुए इस मामले में व्यावहारिक रुख अपनाया जाए। आज माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा व्यक्तिगत आवेदनों के जरिए मामले के विस्तार पर रोक लगाने और सीधी सूक्ष्म निगरानी (Micro-supervision) को समाप्त कर निर्णय लेने का अधिकार पुनः राज्य सरकार और प्राधिकरणों को सौंपना मेरठ की जनता के लिए एक बड़ी राहत और उम्मीद की किरण है।”
राज्य सरकार के पास कार्रवाई का अधिकार
सुदीप जैन ने कहा कि अब जब नीति निर्धारण और कार्रवाई का अधिकार पूरी तरह राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन के पास वापस आ गया है, तो उत्तर प्रदेश सरकार को मेरठ की जमीनी हकीकत को देखते हुए तत्काल संवेदनशील निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने प्रशासन और सरकार के समक्ष मांगें रखी कि तत्काल प्रभाव से सीलिंग व ध्वस्तीकरण पर रोक: मेरठ के शास्त्री नगर, सेंट्रल मार्केट, जोन-A सहित विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में हो रही सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर मानवीय आधार पर तत्काल विराम लगाया जाए। नियमितीकरण (Regularization) नीति लागू हो: राज्य सरकार अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए मेरठ में वर्षों से बसे घरों और दुकानों को बचाने के लिए ‘जो जैसा है, उसको वैसा ही नियमित करने’ (One-Time Settlement / Compounding) की व्यावहारिक नीति लागू करे, ताकि लाखों लोगों के घर और रोजगार सुरक्षित रह सकें। सुदीप जैन ने विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार और मेरठ प्रशासन सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस के दायरे में रहते हुए मेरठ की जनता को उजड़ने से बचाने के लिए सकारात्मक कदम उठाएंगे।
Leave a comment