Home मेरठ सेना का पांच दिवसीय ‘ऑपरेशन दृष्टि’
मेरठ

सेना का पांच दिवसीय ‘ऑपरेशन दृष्टि’

सेना का पांच दिवसीय 'ऑपरेशन दृष्टि'

Share
सेना का पांच दिवसीय 'ऑपरेशन दृष्टि'
Share

प्रसिद्ध नेत्र सर्जन ब्रिगेडियर (डॉ.) संजय कुमार मिश्रा कर चुके हैं देश के दो राष्ट्रपति के नेत्रों का सफल सर्जरी

मेरठ। देश की सीमाओं की रक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, उनके आश्रितों और आम जरूरतमंदों के लिए भारतीय सेना एक बड़ी सौगात लेकर आई है। शनिवार (21 नवंबर) से मेरठ छावनी स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल (MH) में पांच दिवसीय विशेष मेगा सर्जिकल नेत्र चिकित्सा शिविर ‘ऑपरेशन दृष्टि’ (संस्करण-13) की शुरुआत हो गई है। 25 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत दिल्ली के आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) से आई विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम आधुनिक तकनीक से 300 से अधिक मरीजों की निःशुल्क सर्जरी करेगी। इस महत्वपूर्ण चिकित्सा अभियान का नेतृत्व नई दिल्ली स्थित सेना अस्पताल (R&R) के नेत्र रोग विभाग के विभागाध्यक्ष (HOD) एवं प्रसिद्ध नेत्र सर्जन ब्रिगेडियर (डॉ.) संजय कुमार मिश्रा कर रहे हैं। ब्रिगेडियर मिश्रा देश के दो राष्ट्रपतियों की आंखों की सफल सर्जरी करने का गौरव भी रखते हैं। उनके साथ दिल्ली से आई अनुभवी डॉक्टरों की विशेष टीम और मेरठ मिलिट्री हॉस्पिटल का चिकित्सा अमला मरीजों के उपचार में जुटा है।

पश्चिमी यूपी के 9 जिलों के परिवारों को मिलेगा सीधा लाभ

सेना के इस मानवीय अभियान का दायरा बेहद व्यापक रखा गया है। शिविर में मेरठ के अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आठ अन्य जिलों—बागपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, शामली, हापुड़, बुलंदशहर, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर से आने वाले पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिजनों को लाभ मिल रहा है। शिविर में मरीजों को लाने और उनकी प्रारंभिक जांच (स्क्रीनिंग) सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड ने भी सक्रिय सहयोग दिया है। स्थानीय स्तर पर पहले से ही स्क्रीनिंग अभियान चलाकर सर्जरी के योग्य मरीजों को चिह्नित किया गया है। शिविर में केवल सामान्य जांच ही नहीं, बल्कि आंखों से जुड़ी जटिल बीमारियों का भी विश्वस्तरीय उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसमें मुख्य रूप से आधुनिक ‘फेकोइमल्सीफिकेशन’ (Phacoemulsification) तकनीक से बिना टांके की निःशुल्क सर्जरी और लेंस प्रत्यारोपण। मिनिमली इनवेसिव ग्लूकोमा सर्जरी (MIGS) और विशेषज्ञ परामर्श। डायबिटिक रेटिनोपैथी और पर्दे (रेटिना) से जुड़ी गंभीर बीमारियों की जांच व विशेष उपचार।

रक्षा मंत्री की स्वीकृति के बाद मेरठ को मिली सौगात

गौरतलब है कि प्रदेश के ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने अगस्त 2026 में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर मेरठ में पूर्व सैनिकों और जरूरतमंद नागरिकों के लिए इस तरह के विशेष नेत्र शिविर के आयोजन का अनुरोध किया था। रक्षा मंत्री की स्वीकृति मिलने के बाद सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा (AFMS) और सेना ने इस मेगा कैंप की रूपरेखा तैयार की। इससे पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन के शोक में इस शिविर से जुड़ी प्रस्तावित प्रेसवार्ता को स्थगित कर दिया गया था, हालांकि आज से शिविर में चिकित्सा सेवाएं पूरी तरह शुरू हो गई हैं।

लेह-लद्दाख से लेकर एलओसी तक रोशनी बांट चुका है ‘ऑपरेशन दृष्टि’

सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा (AFMS) के तहत चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन दृष्टि’ देश के दुर्गम और सीमावर्ती इलाकों में चिकित्सा क्रांति का पर्याय बन चुका है। मेरठ में आयोजित यह शिविर इस श्रृंखला का 13वां संस्करण है। इससे पहले लेह-लद्दाख, जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा (तंगधार एलओसी) और रांची सहित देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित 12 शिविरों में 1.5 लाख से अधिक मरीजों की आंखों की जांच की जा चुकी है और 3,800 से ज्यादा लोगों की सफल सर्जरी कर उन्हें नई रोशनी दी गई है।
Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

12 − ten =

Related Articles

वीरांगनाओं का सम्मान व काव्य उत्सव

वीरांगनाओं का सम्मान व काव्य उत्सव

सुदीप का हर घर संविधान अभियान का ऐलान

आवास विकास का रिश्वतखोर अफसर सस्पेंड

आवास विकास का रिश्वतखोर अफसर सस्पेंड

मलियाना में कांग्रेस की नुक्कड़ सभा

मलियाना में कांग्रेस की नुक्कड़ सभा