वायु प्रदूषण में भारत ने रचा इतिहास, टॉप-100 में 99 शहरों पर किया ‘कब्जा’!
नई दिल्ली। भारतीयों के लिए आज का दिन बेहद ‘गर्व’ और ‘उपलब्धि’ से भरा है। जिस मुकाम को हासिल करने के लिए दुनिया के बड़े-बड़े देश तरसते हैं, वहां भारत ने बिना किसी खास मेहनत के झंडा गाड़ दिया है। एक वैश्विक संस्था की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, वायु प्रदूषण के मामले में भारत पूरे विश्व में नंबर वन बन गया है। इस ‘ऐतिहासिक’ सूची में दुनिया के 100 सबसे प्रदूषित शहरों में से अकेले 99 शहर भारत के हैं। हमारे पड़ोसी देश पाकिस्तान को इस सूची में सिर्फ एक ही सीट (लाहौर) से संतोष करना पड़ा है। भारत के इस ‘एकतरफा’ प्रदर्शन के सामने दुनिया की तमाम महाशक्तियां हवा में धुएं की तरह उड़ती नजर आ रही हैं।
‘सोने की चिड़िया’ से ‘धुएं के गुबार’ तक का सफर
कभी जिस देश को ‘सोने की चिड़िया’ कहा जाता था, आज वहां के नागरिक सुबह उठते ही सोने जैसा शुद्ध ऑक्सीजन ढूंढते नजर आते हैं। इतिहास के पन्नों में जहां नदियों के किनारे सभ्यताएं बसती थीं, वहीं आज हमारे शहरों में जहरीले धुएं के बीच ‘खांसी’ की सभ्यता फल-फूल रही है।
अनोखी उपलब्धियां और फायदे:
गोदी मीडिया के एंकर और एकराओं की माने तो इसमें भारी फायदा है।
- मुफ्त स्मोकिंग का आनंद: अब देश के नागरिकों को सिगरेट खरीदने पर पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है। घर से बाहर कदम रखते ही हर नागरिक को रोजाना दर्जनों सिगरेट के बराबर धुआं मुफ्त में मिल रहा है।
- विदेश जाने की जरूरत नहीं: जो लोग लंदन के मशहूर ‘फॉग’ (कोहरे) को देखने के लिए लाखों रुपये खर्च करते थे, उन्हें अब अपने ही मोहल्ले में ‘स्मॉग’ के रूप में उसका एडवांस वर्जन देखने को मिल रहा है।
- मेडिकल सेक्टर में बूम: इस ‘स्वास्थ्यवर्धक’ हवा की बदौलत देश में मास्क, एयर प्यूरीफायर और सांस की दवाइयों के व्यापार में जबरदस्त उछाल आने की उम्मीद है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर विकास की यही रफ्तार रही और इसी तरह पेड़ों की कटाई व धुएं का उत्पादन जारी रहा, तो अगले साल हम लाहौर को भी पछाड़कर 100 में से 100 का ‘क्लीन स्वीप’ कर सकते हैं। फिलहाल, देशवासी इस उपलब्धि पर गहरी सांस लेना चाहते हैं, लेकिन डॉक्टरों ने ऐसा न करने की सख्त सलाह दी है।
Leave a comment