नगर निगम कार्यकारिणी के पिछले चुनाव में बगावत व क्रॉस वोटिंग के चलते हार गए थे भाजपा के अजय चंद्रा
मेरठ। मेरठ नगर निगम की 12 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति के छह रिक्त पदों और उपाध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित चुनाव में संभावित बगावत और क्रॉस-वोटिंग की आशंका ने सत्तारूढ़ भाजपा समेत तमाम राजनीतिक दलों की नींद उड़ा दी है। इस सियासी घमासान में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका बेहद अहम हो गई है, जो जीत-हार का समीकरण तय करने वाले ‘खेवनहार’ साबित हो सकते हैं। आगामी 20 नवंबर (शुक्रवार) को होने वाले चुनाव ने नगर निगम की की सियासत को गरमा दिया है। चुनाव की तारीख घोषित होते ही एक तरफ जहां दावेदारों ने लामबंदी तेज कर दी है, वहीं दूसरी तरफ संभावित बगावत और क्रॉस-वोटिंग की आशंका ने सत्तारूढ़ भाजपा समेत तमाम राजनीतिक दलों की नींद उड़ा दी है। इस सियासी घमासान में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका बेहद अहम हो गई है, जो जीत-हार का समीकरण तय करने वाले ‘खेवनहार’ साबित हो सकते हैं। महापौर हरिकांत अहलूवालिया द्वारा नगर आयुक्त सौरभ गंगवार को भेजे गए पत्र के अनुसार, शुक्रवार सुबह 11:30 बजे शास्त्रीनगर स्थित नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान नए सदस्यों का चयन होगा, जिसके बाद उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया जाएगा।
बगावत का डर और निर्दलीयों की बढ़ती पूछ
सदन के मौजूदा संख्याबल और पिछले चुनावों के कड़वे अनुभवों को देखते हुए सभी प्रमुख दल फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं। टिकट वितरण को लेकर पार्षदों में असंतोष और बगावत का खतरा सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। ऐसे में अपने प्रत्याशियों की नैया पार लगाने के लिए सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों की नजरें निर्दलीय पार्षदों पर टिकी हैं। निर्दलीय पार्षदों का रुख इस बार कार्यकारिणी की तस्वीर साफ करने में निर्णायक साबित होगा, जिसके चलते उनकी पूछ अचानक बढ़ गई है। कार्यकारिणी के जिन छह सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने से यह सीटें खाली हुई हैं, उनमें कार्यकारिणी उपाध्यक्ष व वार्ड-62 के पार्षद अनिल वर्मा, वार्ड-78 के संदीप गोयल, वार्ड-37 की दीपिका शर्मा, वार्ड-11 के नरेश कश्यप, वार्ड-31 के कीर्ति घोपला और वार्ड-86 की राहत जहां शामिल हैं।
जब बगावत से भाजपा के अजय चंद्रा गए हार
साल 2025 के अंत में हुए कार्यकारिणी चुनाव का घटनाक्रम आज भी दलों के लिए सबक बना हुआ है। 17 नवंबर 2025 को मतदान के बाद चार मतपत्रों के निरस्त होने और भाजपा पार्षदों की आपसी गुटबाजी व बगावत के चलते भारी हंगामा हुआ था, जिसके बाद चुनाव अनिश्चितकाल के लिए रद्द करना पड़ा था। दोबारा तिथि तय होने पर हुए मतदान में भाजपा से बागी हुए पार्षद संजय सैनी ने 18 वोट पाकर जीत दर्ज की थी और भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी अजय चंद्रा को हार का सामना करना पड़ा था। उस चुनाव में भाजपा खेमे के चार और समाजवादी पार्टी के एक प्रत्याशी को जीत मिली थी। पिछले चुनाव में हुई किरकिरी और बागी उम्मीदवार की जीत से सबक लेते हुए भाजपा इस बार आंतरिक कलह रोकने और पार्षदों को एकजुट रखने के लिए डैमेज कंट्रोल में जुटी है। पार्टी की कोशिश है कि सहमति से ऐसे नाम तय किए जाएं जिससे बगावत न हो और निर्दलीयों का भी समर्थन हासिल किया जा सके। सपा, बसपा, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल एक बार फिर आपसी तालमेल और सत्तापक्ष की संभावित नाराजगी का लाभ उठाने की रणनीति बना रहे हैं। विपक्षी खेमा निर्दलीय पार्षदों को अपने पाले में लाकर कार्यकारिणी में अपनी सीटों की संख्या बढ़ाने की फिराक में है।
Leave a comment