सीएम से मुलाकात की मांग प्रशासन के अफसर बोले ज्ञापन पत्र पहुंचा दिया जाएगा सीएम योगी तक
मेरठ। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष सुदीप जैन ने शहर के घर, परिवार एवं व्यापार को बचाने तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद उच्च न्यायालय की खंडपीठ मेरठ में स्थापित करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन एडीएम सिटी एवं एसपी सिटी को सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि शास्त्री नगर, सेंट्रल मार्केट सहित मेरठ के विभिन्न क्षेत्रों में ध्वस्तीकरण एवं अन्य कार्रवाई से प्रभावित परिवारों, दुकानदारों और व्यापारियों को राहत देने के लिए सरकार ‘जो जैसा है, उसको वैसा ही नियमितीकरण’ की व्यावहारिक नीति लागू करे। सुदीप जैन ने कहा कि विकास का उद्देश्य जनता का जीवन बेहतर बनाना होना चाहिए, न कि वर्षों की मेहनत से बनाए गए घरों, दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को उजाड़ना। सरकार नियमितीकरण, आवश्यक शुल्क एवं तकनीकी सुधारों के माध्यम से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए स्थायी समाधान निकाले तथा प्रभावित लोगों को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर दे।
बैंच के बिना नहीं गुजारा
उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करोड़ों नागरिकों को न्याय के लिए लगभग 600 किलोमीटर दूर प्रयागराज जाना पड़ता है। मेरठ में हाई कोर्ट बेंच की स्थापना से क्षेत्र के नागरिकों को सस्ता, सुलभ और शीघ्र न्याय मिल सकेगा। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा प्रशासन से विशेष अनुरोध किया गया था कि 14 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मेरठ आगमन के दौरान मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल को मुलाकात का समय दिलाया जाए, ताकि मुख्यमंत्री के समक्ष मेरठ के घर, परिवार और व्यापार को बचाने की गुहार लगाई जा सके। इस संबंध में शुक्रवार को प्रशासन ने मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की और आश्वस्त किया कि उनकी मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचा दी जाएगी। सुदीप जैन ने कहा कि राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा किसी विकास कार्य या कानून का विरोध नहीं करता, बल्कि आम जनता के घर, परिवार, रोजगार और व्यापार की सुरक्षा चाहता है। सरकार को दोनों जनहित के मुद्दों पर संवेदनशीलता दिखाते हुए सकारात्मक एवं समयबद्ध निर्णय लेना चाहिए।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री सरदार कवलजीत सिंह, एडवोकेट राहुल मलिक, एडवोकेट अंजनेय सिंह, अंकित भड़ाना, मिन्हाज रिजवी सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Leave a comment