BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला का बृजमोहन स्कूल फॉर द ब्लाइंड का दाैरा, बोले शानदार काम कर रहे हैं आप
मेरठ। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ क्रिकेट प्रशासक राजीव शुक्ला ने आज बृजमोहन स्कूल फॉर द ब्लाइंड का दौरा कर दृष्टिबाधित विद्यार्थियों से मुलाकात की। उनके विद्यालय आगमन से विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार में विशेष उत्साह और प्रसन्नता का वातावरण रहा। विद्यालय पहुंचने पर ट्रस्ट एवं विद्यालय के पदाधिकारियों द्वारा राजीव शुक्ला का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीयता के साथ संवाद किया और उनकी शिक्षा, प्रतिभा तथा उपलब्धियों के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने भी अपनी विभिन्न प्रतिभाओं एवं गतिविधियों से उन्हें परिचित कराया।
वाकई यह शानदार है
स्कूल का दौरा करने और बच्चों से मिलने के बाद उन्होंने बृजमोहन स्कूल फॉर द ब्लाइंड की मुक्त कंठ से सराहना की। राजीव शुक्ला ने कहा कि यह अनुकरणीय है। लोगों को इससे प्रेरणा लेनी चाहिए ताकि सामाजिक सरोकारों को बढ़ाया जा सके। इस अवसर पर ट्रस्ट के चेयरमैन राजीव सिंघल, ट्रस्ट के सेक्रेटरी धर्मवीर सक्सेना, स्कूल के चेयरमैन अशोक कुमार गुप्ता, स्कूल के सचिव ज्ञानेंद्र अग्रवाल, सतीश कुमार शर्मा, डॉ. संदीप मित्तल, इंदर कुमार गर्ग, डी.एस. वर्मा, रवि भूषण, उत्सव सिंघल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
बच्चों के उत्साह से हुए प्रभावित
बृजमोहन स्कूल फॉर द ब्लाइंड के सचिव ज्ञानेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि राजीव शुक्ला ने विद्यार्थियों के उत्साह, आत्मविश्वास और प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की प्रतिभा को उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलना अत्यंत महत्वपूर्ण है।विद्यालय परिवार की ओर से राजीव शुक्ला का आभार व्यक्त किया गया और उनके इस आत्मीय दौरे को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक एवं स्मरणीय अवसर बताया गया।
Leave a comment