मेरठ। आवास विकास के सैटबैक नोटिसाें के खिलाफ शास्त्रीनगर सैक्टर दो व तीन में महिलाओं का धरना जारी है। महिलाओं का साफ कहना है कि किसी भी कीमत पर सैटबैक के नाम पर तोड़फोड़ नहीं करने दी जाएगी। महिलाएं अफसरों की बुद्धिशुद्धि का भी यज्ञ कर चुकी हैं। जिन परिवारों को नोटिस दिए गए हैं उनके आशियाने के छिन जाने की नौबत आ गयी है। महिलाओं ने बेहद सख्त लहजे में दृढ होकर कहा कि किसी भी कीमत पर अपना आशियाना छूने नहीं देंगी। अफसर इस बात को अच्छी तरह से सोच लें। महिलाओं ने कहा कि हम अपने मकान को बचाने के लिए भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं। हवन के बाद महिलाओं ने बताया कि हम अपनी सोई हुई सरकार को जगाने का प्रयास कर रहें हैं, ताकि वह हमारी परेशानी में संज्ञान लें और हमारे मकान जो आज उजड़ने के कगार पर हैं उनको बचसाने के लिए कोई निर्णय ले।
महिलाओं का कहना है कि उन्हें ईश्वर पर भरोसा है। बीते दिन भी धरने की शुरुआत हनुमान चालीसा के पाठ से करने के बाद राम नाम की माला का जाप किया था। जहां वह एक और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगा रही है तो वहीं भगवान से भी लगातार प्रार्थना कर रही है कि उनके मकान सेटबैक के तहत टूटने से बच जाए। क्योंकि उनका कहना है कि अगर इन छोटे-छोटे मकान में भी वह सेटबैक छोड़ देंगे तो वह फिर इसमें अपने परिवार के साथ रह नहीं पाएंगे। आवास विकास के सैटबैक नोटिसों के खिलाफ सैक्टर तीन व चार की महिलाएं भी धरना प्रदर्शन कर रही हैं, लेकिन सिस्टम को उनकी परेशानी नजर नहीं आ रही है। महिलाओं का कहना है कि वो कुछ ज्यादा नहीं मांग रही हैं। केवल अपना आशियाना बचाने की जंग लड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि जिन अफसरों ने ये मकान बनवाए हैं जब उन पर कार्रवाई नहीं की जा रही है तो उनके मकानों को क्यों छेड़ा जा रहा है।
Leave a comment