अवनीश काजला के काफिले पर FIR से कांग्रेसी नाराज सड़क से न्यायालय तक उठेगी आवाज
मेरठ। जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अवनीश काजला व उनके समर्थकों पर मुकदमें से कांग्रेसियों में उबाल है। इसको लेकर आज बुलायी गयी प्रेस वार्ता में कांग्रेसियों ने कहा कि वह चुप बैठने वाले नहीं। पार्टी कार्यालय चंदन भवन बुढानागेट पर बुलायी प्रेस वार्ता में पूर्व जिला अध्यक्ष अवनीश काजला, महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी मीडिया के समक्ष रखी।पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अवनीश काजला ने बताया कि दिल्ली में आयोजित रैली में शामिल होने के लिए टोल प्लाजा के मैनेजर से पहले ही अनुमति लेकर वाहनों के निकलने का रास्ता, निर्धारित लेन और गाड़ियों के नंबर तक साझा कर दिए गए थे। टोल पर पहुंचने से पहले भी फोन पर बातचीत के माध्यम से वाहनों के निकलने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी।
अभद्रता और धक्का-मुक्की
इसके बावजूद काशी टोल प्लाजा पर पहुंचते ही पुलिस द्वारा नाकाबंदी कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोका गया। उनके साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की की गई तथा रैली में शामिल होने से रोकने का प्रयास किया गया, जबकि रैली के लिए पूर्व से अनुमति प्राप्त थी।
अनुमति पहले से तय थीं
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष रंजन शर्मा ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सभी व्यवस्थाएं और अनुमति पहले से तय थीं, तो फिर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने और उनके साथ दुर्व्यवहार करने का औचित्य क्या था? कांग्रेस नेताओं ने कहा कि टोल कर्मचारियों को माध्यम बनाकर मुकदमे दर्ज कराने और पुलिस कार्रवाई के जरिए जनता की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन सरकार और प्रशासन यह समझ लें कि कांग्रेस का कार्यकर्ता न पहले दबा है और न आगे दबेगा। डराने, धमकाने और मुकदमों के जरिए कांग्रेस की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस पार्टी इस पूरे घटनाक्रम का मजबूती से विरोध करेगी। दीपावली के त्योहार के बाद सड़क से लेकर न्यायालय तक इस अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी जाएगी। प्रदेश में विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट करने की बढ़ती प्रवृत्ति का भी पुरजोर विरोध किया जाएगा।इस संबंध में विपक्ष के अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं से भी बातचीत कर एक व्यापक रणनीति तैयार की जाएगी और मेरठ पुलिस की कार्यशैली एवं इस पूरे घटनाक्रम में उसकी भूमिका पर जवाबदेही तय करने की मांग की जाएगी।
ये रहे मौजूद
प्रेस कॉन्फ्रेंस में धूम सिंह गुर्जर, सलीम खान, रीना शर्मा, बबीता गुर्जर, विनोद सोनकर, इकरामुद्दीन पार्षद, अजीम प्रधान, दीपांशु गुर्जर एवं राजू यादव सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे। कांग्रेस पार्टी स्पष्ट करना चाहती है कि जनता की आवाज उठाना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है और किसी भी दबाव, धमकी या मुकदमे से इस संघर्ष को रोका नहीं जा सकता।
Leave a comment