रितिक अग्रवाल
डोईवाला। पुलिस ने नकबजनी की घटना में वांछित चल रही एक शातिर महिला आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 9 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गुलअफशा (28) निवासी लोहियानगर, ब्रहमपुरी चौक, पटेलनगर देहरादून को गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से नजीबाबाद (उत्तर प्रदेश) की रहने वाली है।
पुलिस के अनुसार, गुलअफशा ने अपने साथी मौ. सुहैल के साथ मिलकर डोईवाला क्षेत्र में नकबजनी की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रही थी।
सीसीटीवी से मिला सुराग
पुलिस टीम ने आरोपी महिला की तलाश में करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र की मदद से उसके ठिकाने का पता लगाया। इसके बाद उसे दबोच लिया गया।
यह आभूषण हुए बरामद
महिला के पास से रानी हार, गुलबंद, तिमडिया, मांग टीका, चैन, कान के टाप्स, झूमके, नथ मय चैन और गणेश प्रतिमा सहित अन्य आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि गुलअफशा पहले भी चोरी के दो मामलों में जेल जा चुकी है और जमानत पर बाहर थी।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलोनी, क्षेत्राधिकारी डोईवाला रीना राठौर के निर्देशन में की गई।
पुलिस अब फरार आरोपी मौ. सुहैल की तलाश में जुटी है।
Leave a comment