मेरठ। सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों का कहना है कि सरकार और भाजपा ने उनका भरोसा तोड़ा है। उन्होंने भरोसे की तहरवीं का एलान किया है। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा है कि विपक्षी दलों को भी न्यौता है। यदि कोई विपक्षी दल उनकी मदद को आता है तो उसका स्वागत है। उन्होंने इस बात पर अफसोस भी जाहिर किया कि विपक्ष के कुछ बड़े नेताओं के साथ उचित व्यवहार नहीं किया गया। दरअसल शास्त्रीनगर सेक्टर दो में मंगलवार की शाम को व्यापारियों की ओर से धरना स्थल पर प्रेस वार्ता बुलायी गयी थी। जिसमें भरोसे की तेहरवीं का एलान किया गया।
प्रेस वार्ता में राहुल मलिक, अर्चित, सुधा गुप्ता, मालती शर्मा, राज मोगा, रेखा शर्मा, कविता समेत धरना स्थल पर पहले दिन से जानलेवा गर्मी की परवाह किए बगैर डटीं तमाम महिलाएं थीं। प्रेस को जानकारी दी गयी कि अब इस धरने का संचालन महिलाओं के हाथ में है। वहीं दूसरी ओर महिलाओं ने आरोप लगाया कि उनका मनोबल तोड़ने के उन्हें मुकदमें तक दर्ज करने की धमकी दी गयी हैं। जिनका घर टूट रहा हो, पति का कारोबार छीना जा रहा है वो भला मुकदमें से डर जाएंगी।
प्रेस को बताया गया कि उनकी ओर से सरकार आीर भाजपा संगठन को १३ दिन का समय दिया गया था। यह समय सीमा आज मंगलवार शाम को पूरी हो गयी। उसके बाद व्यापारी मीडिया के सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को दोपहर १२ बजे हवन किया जाएगा। उसके बाद ब्रह्म भोज होगा।
जो हमारे साथ हम उनके साथ
उन्होंने कहा कि अब तक हम सरकार और भाजपा के भरोसे थे, लेकिन अब ऐसा नहीं है अब पूरा शास्त्रीनगर उनके साथ है जो व्यापारियों के साथ हैंं। उन्हें किसी भी राजनीतिक दल से ना तो कोई गुरेज है ना कोई परहेज है। भाजपा के लिए भी रास्ते खुले हैं। विपक्ष के जिन नेताओं के साथ पूर्व में सम्मान जनक व्यवहार नहीं किया गया उसके लिए खेद जताया गया और साफ किया गया कि उनके बीच ऐसे लोग थे जो नहीं चाहते थे कि विपक्ष के नेता उनकी बात सुनें और इस कानूनी लड़ाई में उनके मददगार बनें। ऐसे तत्वों को पहचान लिया गया है। उनकों किनारा कर दिया है। पूरा आंदोलन अब महिलाएं अपनी मर्जी से संचालित करेंगी। उन्होंने बार-बार कहा कि जो भी उनका साथ देना चाहता है उसका वो स्वागत करते हैं। उन्होंने बताया कि विपक्ष के नेताओं सें भी उनकी वार्ता होगी।
Leave a comment