500 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को किया जाएगा सम्मानित, पांच विभूतियों को मिलेगी प्रतिष्ठित ‘वैश्य शिरोमणि उपाधि
मेरठ। वैश्य समाज मेरठ महानगर (पंजीकृत) का छात्र-छात्रा अभिनंदन समारोह २९ नवंबर को होगा। महाराजा अग्रसेन जयंती के पावन उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले 33वें मेधावी छात्र-छात्रा अभिनंदन समारोह की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को बालेराम बृजभूषण इंटर कॉलेज, डी-ब्लॉक, शास्त्री नगर में प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी गई। संस्था के अध्यक्ष सुशील कृष्ण गुप्ता, महामंत्री प्रमोद गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष सुशील राजवंशी ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि आगामी रविवार, 29 नवंबर को बालेराम बृजभूषण इंटर कॉलेज के प्रांगण में भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें वैश्य समाज के 500 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि समारोह में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में 60 प्रतिशत से अधिक तथा सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले वैश्य समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आईएएस, पीसीएस एवं आईआईटी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले वैश्य समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों का भी विशेष अभिनंदन किया जाएगा।
समारोह के मुख्य अतिथि प्रख्यात उद्योगपति डॉ. रामकुमार गुप्ता और कुंवर विजेंद्र शेखर कुलाधिपति शोभित यूनिवर्सिटी मेरठ होंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: 9:30 बजे पंजीकरण एवं ध्वजारोहण के साथ होगा। प्रात: 10:30 बजे अतिथि सम्मान, 11 बजे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा 11:30 बजे ‘वैश्य एकताÓ स्मारिका का विमोचन एवं पुरस्कार वितरण समारोह प्रारंभ होगा। इस अवसर पर समाजसेवा एवं वैश्य समाज के उत्थान के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाली पांच विशिष्ट विभूतियों को प्रतिष्ठित ‘वैश्य शिरोमणिÓ उपाधि से अलंकृत किया जाएगा। साथ ही मेरठ महानगर के सभी वैश्य पार्षदों को भी सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि समारोह को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। वैश्य समाज के विभिन्न वर्गों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए लगभग 2,500 लोगों के स्वागत एवं भोजन की व्यवस्था की गई है।
ये रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से अध्यक्ष सुशील कृष्ण गुप्ता महामंत्री प्रमोद गुप्ता कोषाध्यक्ष सुशील राजवंशी मुख्यसंयोजक- अशोक कुमार मित्तल, संयोजिका-गीता जिन्दल, उपाध्यक्ष- डॉ अमित गुप्ता, उपमहामंत्री- प्रवीन कुमार गुप्ता, श्रीमती गीता अग्रवाल, अजय गुप्ता, मीडिया प्रभारी- पारस गुप्ता आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
Leave a comment