बहुमत के बावजूद टल रहा मेरठ नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव, विपक्ष ने लगाया नियमों की अनदेखी का आरोप
मेरठ। मेरठ नगर निगम की कार्यकारिणी के छह सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी नए सदस्यों के चुनाव न कराए जाने को लेकर शहर की राजनीति गरमा गई है। नगर निगम के नियमों के अनुसार कार्यकाल समाप्त होने पर रिक्त पदों को भरने के लिए तत्काल चुनाव प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए, लेकिन चुनाव लगातार टलने से कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। वैसे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह चुनाव 20 नवंबर 2026 को होना था, उसके बाद चुनाव की तिथि बढ़ाए जाने की सूचना दी गयी। जो तिथि दी गयी बाद में महापौर कार्यालय से सूचना जारी कर स्थगित कर दिया गया। अब यह चुनाव आगामी जनवरी माह में कराए जाने की संभावना जताई जा रही है।
बहुमत के बावजूद सत्ता पक्ष पर उठ रहे सवाल
नगर निगम सदन में भाजपा के महापौर होने के साथ-साथ पार्टी के पास पार्षदों का स्पष्ट बहुमत भी मौजूद है। इसके बावजूद कार्यकारिणी चुनाव में हो रही देरी को लेकर सियासी गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं। राजनीतिक विश्लेषकों और विपक्षी पार्षदों का मानना है कि पार्टी नेतृत्व को अपने ही कुछ पार्षदों पर पूरा भरोसा नहीं है।
क्रॉस वोटिंग के डर से चुनाव टालने के आरोप
आरोप लगाए जा रहे हैं कि कार्यकारिणी के पदों के लिए दावेदारों की लंबी फेहरिस्त और आंतरिक गुटबाजी के चलते भाजपा नेताओं को क्रॉस वोटिंग का डर सता रहा है। इसी आशंका के चलते चुनावी कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि पहले संगठन स्तर पर नाराज पार्षदों को साधा जा सके और किसी भी तरह की किरकिरी से बचा जा सके।
विपक्ष ने बोला हमला
चुनाव में हो रही देरी को लेकर विपक्षी पार्षदों ने महापौर और सत्ता पक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विपक्षी दल के पार्षदों का कहना है कि, “नगर निगम अधिनियम के तहत कार्यकाल पूरा होते ही तत्काल चुनाव कराए जाने का प्रावधान है। सदन में भाजपा के पास पूर्ण बहुमत है, फिर भी चुनाव टालना यह साबित करता है कि उन्हें अपने ही पार्षदों पर भरोसा नहीं है। क्रॉस वोटिंग के डर से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को रोका जा रहा है, जिससे शहर के विकास कार्यों पर भी असर पड़ रहा है।”विपक्षी दलों के पार्षदों ने चुनाव में हो रही देरी को लोकतांत्रिक प्रक्रिया और नगर निगम अधिनियम के नियमों के खिलाफ बताया है। उनका कहना है कि यदि सत्ता पक्ष के पास बहुमत है, तो चुनाव कराने से पीछे क्यों हटा जा रहा है। फिलहाल सभी की नजरें महापौर और निगम प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं कि कार्यकारिणी के इन छह रिक्त पदों पर चुनाव की नई तारीख कब घोषित की जाती है।
छह सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने से रिक्त हुई हैं सीटें
नगर निगम की कार्यकारिणी में कुल 12 सदस्य होते हैं, जिनमें से छह सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने के बाद ये पद खाली हुए हैं। इन रिक्त सीटों को भरने के लिए महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने नगर आयुक्त सौरभ गंगवार को पत्र भेजकर शास्त्रीनगर स्थित नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालय में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए थे। हालांकि, ऐन वक्त पर चुनाव स्थगित करने की सूचना सभी पार्षदों को भेज दी गई, जिसकी पुष्टि कार्यकारिणी उपाध्यक्ष अनिल वर्मा ने भी की है। वहीं दूसरी ओर भाजपा के पार्षद कुलदीप वाल्मीकि ने बताया कि संगठन के कार्यक्रम लगे हुए हैं 27 नवंबर को योगी सरकार के डिप्टी सीएम मेरठ आ रहे हैं। वो दिल्ली रोड राम लीला मैदान में एक सभा को संबोधित करेंगे। इसकी वजह से चुनाव स्थगित किए गए हैं। उम्मीद की माह जनवरी में चुनाव कराए जाएंगे।
Leave a comment