‘तेरा मैं’ थीम पर पहली बार आयोजित हुआ चार दिवसीय एडवांस मेडिटेशन प्रोग्राम, 46 साधकों ने किया ध्यान और साधना
मेरठ। आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से मेरठ स्थित टेंपल ऑफ नॉलेज यानि टीओके बिजली बंबा बाईपास जुर्रानपुर रोड में पहली बार आयोजित चार दिवसीय एडवांस मेडिटेशन प्रोग्राम का विशेष सत्संग के साथ सफलतापूर्वक समापन हुआ। ‘तेरा मैं’ थीम पर आयोजित इस विशेष शिविर में 46 साधकों ने सहभागिता करते हुए ध्यान, मौन, प्राणायाम और गहन साधना का अनुभव प्राप्त किया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक गौरव वर्मा ने साधकों का मार्गदर्शन किया। चार दिनों तक चले इस शिविर में प्रतिभागियों ने नियमित ध्यान और साधना के माध्यम से मानसिक शांति, आंतरिक स्थिरता और स्वयं से जुड़ने का अनुभव प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विशेष सत्संग का आयोजन किया गया। इस दौरान आर्ट ऑफ लिविंग के लोकप्रिय भजनों ‘शिव कैलाशों के वासी’, ‘गोविंदा गोपाला’ और ‘जय जय राधा रमण हरि बोल’ की मधुर प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। साधकों ने भजनों के साथ सामूहिक गायन और भक्ति का आनंद लिया। भक्ति संगीत, ज्ञान और सत्संग से सराबोर इस आयोजन ने सभी प्रतिभागियों को आनंद, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।
सत्संग से उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा
आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक परम पूज्य गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर की शिक्षाओं के अनुसार, ध्यान से मन को शांति, सेवा से हृदय को संतुष्टि और सत्संग से जीवन में उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। नियमित ध्यान व्यक्ति को भीतर से मजबूत बनाता है, सेवा दूसरों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाती है और सत्संग जीवन में आनंद बनाए रखने की प्रेरणा देता है।
अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक गौरव वर्मा ने कहा कि संपूर्ण विश्व के लिए आने वाला समय तनाव और चुनौतियों से भरा हो सकता है। ऐसे समय में योग, ध्यान और साधना व्यक्ति को मानसिक रूप से स्थिर, शांत और संतुलित रहने की शक्ति प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी ने भी अपने संदेशों में आने वाले समय की चुनौतियों के संदर्भ में साधना और सात्त्विक जीवनशैली के महत्व को रेखांकित किया है। नियमित साधना के माध्यम से व्यक्ति कठिन परिस्थितियों का सामना अधिक धैर्य, सकारात्मकता और संतुलन के साथ कर सकता है।
पहली बार एडवांस मेडिटेशन का आयोजन
आर्ट ऑफ लिविंग वेस्ट यूपी के मीडिया कोऑर्डिनेटर पुलकित त्यागी ने बताया कि मेरठ में टीओके के माध्यम से पहली बार इस स्तर का एडवांस मेडिटेशन प्रोग्राम आयोजित होना एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को ध्यान, साधना और ध्यात्मिक ज्ञान से जोड़कर तनावमुक्त, प्रसन्न और ऊर्जावान जीवन की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में यह संकल्प लिया गया कि मेरठ में सात्त्विक जीवनशैली और आध्यात्मिक चेतना के उत्थान के लिए योग, ध्यान एवं साधना से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जाएगा। इन पहलों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर समाज में सकारात्मकता, शांति और आध्यात्मिक जागरूकता का विस्तार किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर डॉ. शिवकांत अग्रवाल एवं डॉ. सपना अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षक, शिक्षकों और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
Leave a comment