मेरठ। महानगर के जेल रोड इलाके में नगर निगम के ध्वस्तीकरण दस्ते ने प्रवर्तन दल की मदद से व्यापक तौर पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। दरअसल इस इलाके में तमाम कोठियों व अन्य प्रतिष्ठावनों व भवनों के सामने लोगों ने पक्के निर्माण कर नाले नालियों पर कब्जे कर लिए हैं। इन कब्जों की वजह से निगम के सफाई कर्मचारी सफाई नहीं कर पा रहे हैं। सफाई ना किए जाने की वजह से नालियां चौक हो गयी हैं। उनमें कूडा कचरा अटका हुआ है जिससे पानी का बहाव रूक गया है और कई बार नाले नालियों का पानी सड़क और रास्ते पर फैल जाता है। इसकी वजह लोगों द्वारा अपने घरों के सामने नाले नालियों पर कब्जा कर लेना है। नगरायुक्त सौरभ गंगवार इसको लेकर बेहद सख्त हैं। मानसून में कहानगर टापू में तब्दील ना हो इसके लिए नगरायुक्त सौरभ गंगवार ने नाले नालियों की सफाई का युद्ध स्तर पर अभियान चलाया हुआ है। उसी अभियान के क्रम में नगर निगम का दस्ता प्रवर्तन दल की मदद से नाले नालियों को मुक्त करा रहा है ताकि उनकी सफाई करा दी जाए। हालांकि इस दौरान निगम अधिकारियों को कई बार विरोध व परेशानियों का भी सामना करना पड़ा है, लेकिन यह बात अलग है कि अभियान को थमने नहीं दिया।
जेल रोड पर तमाम ऐसे आवास है जिनके आगे पक्के निर्माण कर नाले नालियों को कवर कर उन पर कब्जा कर लिया है। गुरूवार को जब निगम की जेसीबी इन्हें उखाड़ रही थी तो कई लोग विरोध में उतर आए। उन्होंने हंगामा कर दिया। एक शख्स जेसीबी पर जा चढ़ा। हालांकि प्रवर्तन दल ने उसको हटा दिया। प्रवर्तन दल के कर्नल संजीव तोमर, निगम के संपत्ति अधिकारी भोला नाथ गौतम व सहायक नगरायुक्त तथा अन्य निगम अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि यह कार्रवाई उनके हित में की जा रही है। यदि अवैध कब्जों को हटाया नहीं जाएगा तो नाले नालियों को साफ नहीं किया जा सकेगा और नाले नालियां साफ नहीं किए गए तो जलभराव होगा। लेकिन जिनकी समझ में निगम के अफसरों की बात नहीं आयी उनसे फिर सख्त लहजे में बात की गयी। तब कहीं कही जाकर विरोध करने वाले बैकफुट पर आए और बाकि काम प्रवर्तन दल ने कर दिया। उसके बाद निगम की जेसीबी ने व्यापक रूप से कार्रवाई करते हुए तमाम रैंप और अवैध कब्जों को ध्वस्त किया। इस दौरान वहां अफरा-तफरी मची रही। जब तक कार्रवाई चलती रही भारी संख्या में वहां लोग जमा रहे।
अब तक ये इलाके किए मुक्त
नगर निगम और प्रवर्तन दल की कार्रवाई में जिन इलाकों को अवैध कब्जों से अब तक मुक्त कराया जा चुका है उनमें गढ़ रोड मेडिकल, आनंद हॉस्पिटल, यूनिवर्सिटी रोड कार शोरूम, किला रोड, केसरगंज, पल्हेडा में सरकारी तालाब मुक्त कराया तथा कुटी चौराहे पर कार्रवाई कर रैंप हटाए गए। नगरायुक्त सौरभ गंगवार सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जों खासतौर से नाले नालियों पर किए गए कब्जों को लेकर सख्त रवैया अपनाए हुए हैं। जिसके चलते इन दिनों पूरे महानगर में नगर निगम का नाले नालियां मुक्ति अभियान चल रहा है।
Leave a comment