जनपद के प्राचार्य (डायट) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को राज्य परियोजना निदेशक के विस्तृत दिशा-निर्देश
मेरठ। प्रदेश के परिषदीय और मान्यता प्राप्त प्राथमिक तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता सुधार और ‘निपुण लक्ष्य’ की समयबद्ध प्राप्ति के लिए आगामी 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को शिक्षक संकुल बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में शासन के राज्य परियोजना निदेशक की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा इस संबंध में प्रदेश के सभी जनपदों के प्राचार्य (डायट) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों यानि बीएसए को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के कारण तय हुई तिथि: विभागीय पत्र के अनुसार, कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों में 17 से 21 नवंबर 2026 के बीच शैक्षिक सत्र 2026-27 की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए नवंबर माह की शिक्षक संकुल बैठक परीक्षा से एक दिन पूर्व यानी 16 नवंबर को विद्यालय समयावधि के दौरान अपराह्न 1:00 बजे से 3:00 बजे तक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक के प्रमुख बिंदु और निर्देश
पृथक-पृथक आयोजन: एजेंडा आधारित ये बैठकें प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के शिक्षकों के लिए अलग-अलग आयोजित की जाएंगी। पूर्व तैयारी: सत्रों के प्रभावी संचालन के लिए शिक्षक संकुल बैठक से पहले ही एजेंडा बिंदुओं का आपस में विभाजन कर आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करेंगे। रोटेशन व्यवस्था: विद्यालयों में पठन-पाठन और संचालन सुचारू रूप से चलता रहे, इसके लिए शिक्षक रोटेशन के आधार पर बैठक में प्रतिभाग करेंगे। पियर लर्निंग को बढ़ावा: आपसी सीख (पियर लर्निंग) को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह बैठकें हर माह अलग-अलग विद्यालयों में आयोजित की जाएंगी। 13 प्रार्थनाओं पर चर्चा: बैठक के दौरान राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान (SIET), उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा विद्यालय की प्रार्थना सभा के लिए विकसित की गई 13 नई प्रार्थनाओं के संबंध में भी विशेष चर्चा की जाएगी। जेडी संजय उपाध्यक्ष ने बताया कि अपर मुख्य सचिव, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा के निर्देशों के क्रम में जारी इस आदेश का उद्देश्य बैठकों को लक्ष्य आधारित बनाना, शैक्षिक समस्याओं का समाधान करना और नवाचारी शिक्षण पद्धतियों का आदान-प्रदान करना है।
Leave a comment