थोड़ी सी बारिश में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त; हादसों का बढ़ा खतरा, शास्त्रीनगर, गढ़ रोड, दिल्ली रोड से लेकर शारदा रोड तक बुरा हाल, अधूरे निर्माण कार्यों ने बढ़ाई मुसीबत
मेरठ। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और रैपिड रेल (नमो भारत) जैसी आधुनिक परियोजनाओं के साथ विकास की नई इबारत लिखने का दावा करने वाले मेरठ शहर की आंतरिक और मुख्य सड़कें इन दिनों बदहाली के आंसू रो रही हैं। बारिश, सीवर लाइन बिछाने और सड़क चौड़ीकरण के अधूरे निर्माण कार्यों के कारण शहर के पॉश इलाकों से लेकर घनी आबादी वाली पुरानी बस्तियों तक की सड़कें गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। आलम यह है कि मात्र आधे घंटे की बारिश होते ही शहर के निचले इलाकों और प्रमुख बाजारों में घुटनों तक पानी भर जाता है। इससे न केवल यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है, बल्कि राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों के लिए हर कदम पर जानलेवा दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। सबसे बुरा हाल मवाना रोड और मवाना रोड को कैंट इलाके से जोड़ने वाली सड़क का है। यहां कई बार वाहन चालक हादसों का शिकार हो चुके हैं। बस अभी तक किसी की मौत नहीं है। उम्मीद है कि किसी की मौत होने के बाद जरूर सिस्टम को चलाने वालों की नींद टूटेगी और मौत की दावत दे रहे गड्ढों को भरा जा सकेगा7
पॉश कॉलोनियों से लेकर पुराने शहर तक सड़कों पर ‘मौत के गड्ढे’
शहर का शायद ही कोई ऐसा प्रमुख मार्ग या कॉलोनी बची हो, जहां की सड़कें गड्ढामुक्त हों। एक तरफ जहां पॉश माने जाने वाले शास्त्रीनगर के विभिन्न सेक्टरों की आंतरिक सड़कें उखड़ी पड़ी हैं, वहीं शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले गढ़ रोड, हापुड़ रोड और दिल्ली रोड पर भी जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। पुराने और घनी आबादी वाले इलाकों जैसे ब्रह्मपुरी, ओडियन रोड और शारदा रोड पर स्थिति सबसे ज्यादा भयावह है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से सीवर लाइन डालने, पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत और सड़क चौड़ीकरण के नाम पर सड़कों की खुदाई की जा रही है। निर्माण एजेंसियों ने काम अधूरा छोड़ दिया है और जहां काम पूरा भी हुआ है, वहां सड़क का पुनर्निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं किया गया। नतीजतन, पहली ही बारिश में सड़क की गिट्टियां उखड़ गईं और अब वहां बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।
बारिश के बाद अदृश्य गड्ढे देते हादसों को दावत
बारिश के दौरान जलभराव होने पर सड़क और गड्ढों का फर्क खत्म हो जाता है। गड्ढों की गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण दोपहिया वाहन चालक और ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट रहे हैं। शारदा रोड, दिल्ली रोड और हापुड़ रोड पर पिछले एक सप्ताह में दर्जनों राहगीर गिरकर चोटिल हो चुके हैं। सुबह और शाम के समय जब दफ्तर जाने वालों और स्कूली बच्चों की भीड़ सड़कों पर होती है, तो गड्ढों से बचकर निकलने की होड़ में घंटों लंबा जाम लग जाता है। इससे एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहन भी जाम में फंसने को मजबूर हैं।
कारोबार हो रहा चौपट
शहर के कोतवाली इलाके में प्रतिष्ठान चलाने वाले संयुक्त व्यापार संघ के मंत्री व भाजपा के बड़े नेता अंकुर गोसयल बताते हैं कि शहर का ड्रेनेज सिस्टम (जल निकासी व्यवस्था) पूरी तरह ध्वस्त नजर आ रहा है। नालों की समय पर तलीझाड़ सफाई न होने और उन पर अतिक्रमण के कारण बारिश का पानी निकल नहीं पाता। शारदा रोड, ब्रह्मपुरी, ओडियन रोड और दिल्ली रोड के निचले हिस्सों में सीवर के ओवरफ्लो होने से गंदा और बदबूदार पानी सड़कों पर बहने लगता है, जो कई बार दुकानों और घरों के भीतर तक घुस जाता है। शारदा रोड और आबूलेन के व सदर बाजार को लेकर व्यापारी नेता अंकित मनू का कहना है कि जलभराव और टूटी सड़कों के कारण ग्राहक बाजारों में आने से कतरा रहे हैं, जिससे उनका व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। आरटीआई एक्टिविस्ट पुनीत शर्मा ने बताया कि कई दिनों तक सड़कों और खाली प्लॉटों में जमा रहने वाले इस दूषित पानी में मच्छर पनप रहे हैं। इससे शहर में डेंगू, मलेरिया, वायरल बुखार और त्वचा संबंधी संक्रामक बीमारियों के फैलने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
नगरायुक्त बोले तय की जाएगी जवाबदेही
“शहर के विभिन्न इलाकों में बारिश, सीवर लाइन और चौड़ीकरण कार्यों के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का व्यापक सर्वे कराया जा रहा है। जल निगम, लोक निर्माण विभाग (PWD) और अन्य संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के साथ समन्वय बैठक कर उन्हें अधूरे कार्यों को अविलंब पूरा करने और खुदी हुई सड़कों को तत्काल गड्ढामुक्त करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। जिन स्थानों पर जलभराव की शिकायतें आ रही हैं, वहां अतिरिक्त सक्शन मशीनें, पंप सेट और सफाई गैंग तैनात किए गए हैं। निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों और एजेंसियों के खिलाफ जुर्माना व ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।”
“प्रमुख मार्गों पर पैचवर्क शुरू, नालों के अवरोध हटाए जा रहे”
“शास्त्रीनगर, गढ़ रोड, हापुड़ रोड, दिल्ली रोड, शारदा रोड और ब्रह्मपुरी समेत सभी प्रभावित क्षेत्रों में गड्ढों को भरने के लिए विशेष पैचवर्क अभियान चलाया जा रहा है। मौसम खुलते ही हॉटमिक्स प्लांट के माध्यम से सड़कों की स्थायी मरम्मत तेज कर दी जाएगी। निर्माण स्थलों पर राहगीरों की सुरक्षा के लिए स्पष्ट बैरिकेडिंग और रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, मुख्य नालों और नालियों के चोक पॉइंट्स को चिह्नित कर सफाई कराई जा रही है, ताकि जलभराव से आम जनता को जल्द राहत मिल सके।”
— प्रमोद सिसौदिया, चीफ इंजीनियर (मुख्य अभियंता), नगर निगम मेरठ
Leave a comment